बीकानेर को 800 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, मुख्यमंत्री ने कहा- नया भारत नीयत और काम की गति के लिए जाना जाता है

 


बीकानेर, 14 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि आज का नया भारत नीयत और काम की गति दोनों के लिए जाना जाता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार जिस कार्य का शिलान्यास करती है, उसका लोकार्पण भी तय समय पर करती है। इसी क्रम में बीकानेर जिले में करीब 800 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है। इन कार्यों से बुनियादी ढांचे, ऊर्जा, स्वास्थ्य, कृषि और परिवहन क्षेत्र को मजबूती मिलेगी तथा आमजन का जीवन सुगम होगा।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को बीकानेर के मेघासर में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मेघासर के उप चिकित्सा केंद्र को प्राथमिक चिकित्सा केंद्र में क्रमोन्नत करने, श्रीडूंगरगढ़ में 25 करोड़ रुपये की लागत से ट्रोमा सेंटर एवं उप जिला चिकित्सालय बनाने, लूणकरणसर में मिनी सचिवालय तथा खाजूवाला के राजकीय प्राथमिक विद्यालय को उच्च प्राथमिक विद्यालय में क्रमोन्नत करने की घोषणा की।

उन्होंने बीकानेर के म्यूजियम सर्किल पर पुल निर्माण, बीकानेर पश्चिम में आयुर्वेदिक औषधालय, सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध चिकित्सालयों के लिए यूरो साइंसेज भवन की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण तथा चक 610-200 आरडी डूडी पेट्रोल पंप के सामने सत्तासर और जीवन सिंह की ढाणी में राजकीय प्राथमिक विद्यालय खोलने की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूलमंत्र के साथ प्रदेश में हर वर्ग के उत्थान के लिए काम किया जा रहा है। किसानों के लिए पीएम किसान सम्मान निधि की राशि छह हजार से बढ़ाकर नौ हजार रुपये की गई है। किसानों को बिजली बिलों में 61 हजार करोड़ रुपये से अधिक का अनुदान दिया गया है। राजस्थान सहकारी गोपाल क्रेडिट कार्ड ऋण योजना के तहत पशुपालकों को एक लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत 23 लाख से अधिक बीमा पॉलिसियां की गई हैं।

उन्होंने कहा कि पेपरलीक पर लगाम लगाने और युवाओं का भविष्य सुरक्षित करने के लिए सरकार ने एसआईटी का गठन किया। इसके परिणामस्वरूप दोषी सलाखों के पीछे पहुंचे और अब परीक्षाएं बिना पेपरलीक के संपन्न हो रही हैं। सरकार अब तक करीब एक लाख 78 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां दे चुकी है, जबकि एक लाख 32 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। वहीं 70 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की तैयारी की जा रही है। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में 14 लाख साइकिलें और 46 हजार स्कूटी वितरित की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने मेघासर के संस्थापक वीर शिरोमणि मेघो जी की अष्टधातु निर्मित अश्वारूढ़ प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को मेघो जी के अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्रसेवा के पथ पर चलने की प्रेरणा देती रहेगी।

केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सपना ऐसा विकसित भारत बनाने का है, जहां समृद्धि, विकास और राष्ट्र की एकता सर्वोपरि हो। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

कार्यक्रम में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा, जीव-जंतु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष जसवंत बिश्नोई, विश्वकर्मा कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष राम गोपाल सुथार, विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, अंशुमान सिंह भाटी, जेठानंद व्यास और ताराचंद सारस्वत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

लोकार्पित कार्यों में 371 करोड़ रुपये से अधिक लागत के पीएम कुसुम योजना के घटक-ए एवं सी के 47 सौर ऊर्जा संयंत्र, 105 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न सड़कों का चौड़ाईकरण एवं नवीनीकरण, 24 करोड़ रुपये से अधिक लागत का 132 केवी जीएसएस हद्दां एवं लाइन तथा 15 करोड़ रुपये से अधिक लागत के कृषि उपज मंडी समिति बीकानेर के विकास कार्य शामिल हैं। इसके अलावा पांच करोड़ रुपये से अधिक लागत से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुकाम का नवीन भवन, पांच करोड़ रुपये की लागत से बीछवाल में मरुधरा बॉटनिकल गार्डन तथा करीब चार करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न स्थानों पर उप स्वास्थ्य केंद्रों के भवनों का निर्माण शामिल है।

शिलान्यास किए गए कार्यों में 98 करोड़ रुपये की लागत से शेरुणा में 220 केवी जीएसएस एवं लाइन, 36 करोड़ रुपये से अधिक लागत से बीकानेर विकास प्राधिकरण के नवीन कार्यालय भवन तथा 4.5 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न गांवों में उप स्वास्थ्य केंद्रों के भवन शामिल हैं।

इसके साथ ही कृषि उपज मंडी समिति बीकानेर में आंतरिक सीसी सड़क एवं नाली निर्माण तथा श्रीडूंगरगढ़ और नोखा में सहायक निदेशक कृषि विस्तार कार्यालय भवन के कार्यों का भी शिलान्यास किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव