बीकानेर के विक्रम सिंह चौहान करेंगे राष्ट्रीय मास्टर पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में राजस्थान का प्रतिनिधित्व

 


बीकानेर, 18 जुलाई (हि.स.)। राजकीय सादुल स्पोर्ट्स स्कूल बीकानेर में प्रधानाचार्य एवं आरएचएम के पद पर कार्यरत एशिया सिल्वर मेडलिस्ट विक्रम सिंह चौहान आगामी राष्ट्रीय मास्टर पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे।

यह प्रतियोगिता 19 जुलाई 2026 से 23 जुलाई 2026 तक महाराष्ट्र के औरंगाबाद में आयोजित होगी।

उल्लेखनीय है कि विक्रम सिंह चौहान राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में स्क्वाट में राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित कर चुके हैं। अब वे इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में ऑल ओवर टोटल और बेंच प्रेस में नया राष्ट्रीय कीर्तिमान बनाने का प्रयास करेंगे।

बेंच प्रेस में वर्तमान राष्ट्रीय रिकॉर्ड 163 किलाे है। कॉमनवेल्थ का रिकॉर्ड 200 किलाे इंग्लैंड के खिलाड़ी द्वारा 2013 में बनाया गया था। विक्रम सिंह चौहान इन दोनों रिकॉर्ड को तोड़ने के लक्ष्य के साथ निरंतर अभ्यास कर रहे हैं।

चौहान का पूरा परिवार खेलों को समर्पित रहा है। उनके राज्यस्तरीय प्रदर्शन और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयन पर विद्यालय परिवार एवं खेल प्रेमियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। सादुल स्पोर्ट्स स्कूल के ही राकेश पुरोहित का भी चयन इस प्रतियोगिता में हुआ है साथ ही राष्ट्रीय भारोत्तोलक स्वर्ण पदक विजेता गिरिराज व्यास भी इस प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव