बीकानेर के डॉ. जीएस तंवर को मिलेगी राष्ट्रीय फेलोशिप, 2027 में पेडिकॉन में होगा सम्मान
बीकानेर, 21 नवंबर (हि.स.)। भारतीय बाल रोग अकादमी ने बीकानेर के वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ एवं सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. जीएस तंवर का वर्ष 2026 की राष्ट्रीय फेलोशिप (एफआईएपी) के लिए चयन किया है। उन्हें यह सम्मान बच्चों के उपचार, युवा चिकित्सकों के प्रशिक्षण, चिकित्सा अनुसंधान और जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया जाएगा। फेलोशिप 28 जनवरी 2027 को तमिलनाडु के कोयंबटूर में आयोजित 64वें राष्ट्रीय बाल रोग सम्मेलन 'पेडिकॉन-2027' के उद्घाटन समारोह में दी जाएगी।
डॉ. तंवर को बाल रोग चिकित्सा, शिक्षण और शोध का 17 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उनकी विशेषज्ञता में नवजात शिशुओं की देखभाल, बच्चों के तंत्रिका तंत्र से जुड़े रोग, संक्रामक बीमारियां और दुर्लभ रोग शामिल हैं। उन्होंने गंभीर रूप से बीमार बच्चों के उपचार के साथ मेडिकल विद्यार्थियों, स्नातकोत्तर चिकित्सकों और युवा शोधार्थियों के प्रशिक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
नवजात शिशुओं की स्क्रीनिंग, दुर्लभ रोगों की देखभाल और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के उपचार के क्षेत्र में वर्ष 2026 के दौरान उनके कार्यों को भी राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है। उनके नाम कुल 80 अकादमिक एवं वैज्ञानिक योगदान दर्ज हैं। इनमें अनुक्रमित चिकित्सा पत्रिकाओं में 29 शोध प्रकाशन, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में 46 वैज्ञानिक प्रस्तुतियां और शोध-सार तथा पुस्तकों से जुड़े पांच योगदान शामिल हैं।
डॉ. तंवर को यूरोपियन सोसाइटी फॉर पीडियाट्रिक इन्फेक्शियस डिजीजेज के अंतरराष्ट्रीय मंचों पर 'यंग रिसर्चर अवॉर्ड' भी मिल चुका है। वर्ष 2018 में उन्हें इस क्षेत्र में प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ था। चिकित्सा, जनस्वास्थ्य और बाल स्वास्थ्य के क्षेत्र में उनके योगदान को विश्व स्वास्थ्य संगठन के भारत कार्यालय, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद तथा राजस्थान मेडिकल काउंसिल सहित विभिन्न संस्थानों ने मान्यता दी है।
भारतीय बाल रोग अकादमी की बीकानेर शाखा के सचिव डॉ. तंवर जिला थैलेसीमिया सोसाइटी से भी जुड़े हुए हैं। राष्ट्रीय फेलोशिप के लिए चयन पर उन्होंने इसे बीकानेर के चिकित्सा समुदाय, अपने विद्यार्थियों, शोधार्थियों और बच्चों की देखभाल में जुटी पूरी टीम की उपलब्धि बताया। उन्होंने इस सम्मान के लिए अपने वरिष्ठों, सहकर्मियों, परिवार और भारतीय बाल रोग अकादमी के प्रति आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव