बादल छाए, हीटवेव व गर्मी से मामूली राहत

 


जोधपुर, 13 मार्च (हि.स.)। प्रदेश में भीषण गर्मी के बाद आज मौसम में थोड़ा बदलाव देखने को मिला। जोधपुर के साथ ही अन्य कुछ जिलों में बादल छाए। मौसम में इस बदलाव से दिन में गर्मी थोड़ी कम रही और हीटवेव से भी राहत रही।

मौसम विभाग ने राज्य में अगले 10 से 12 दिन के दौरान 2 वेस्टर्न डिस्टरबेंस आने और उसके प्रभाव से कई इलाकों में बादल छाने, हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना जताई है। इन दो सिस्टम के असर से राज्य में अगले दो सप्ताह गर्मी भी सामान्य रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 14 मार्च को 8 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।

जोधपुर में आज सुबह से मौसम में हल्का बदलाव रहा। यहां आसमान में हल्के बादल छाए और दोपहर में धूप कमजोर रही। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार एक दूसरा वेदर सिस्टम 19 मार्च से फिर एक्टिव होगा, जिसका असर 19 से 21 मार्च तक देखने को मिल सकता है। इस दौरान राजस्थान के कुछ हिस्सों में बादल छाए रह सकते है, जबकि कहीं-कहीं हल्की बारिश, बूंदाबांदी भी हो सकती है। इन दोनों सिस्टम के असर से राज्य में 23-24 मार्च तक राज्य में गर्मी सामान्य रह सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश