बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधा रक्षासूत्र: जाेधपुर शहर भर में उल्लास से मनाया रक्षाबंधन

 


जोधपुर, 28 अगस्त (हि.स.)। भाई-बहन के प्रेम और रक्षा-संवेदनाओं का प्रतीक पर्व रक्षाबंधन आज शहर भर में उत्साह व उमंग से मनाया जा रहा है। सुबह से ही बहनों ने अपने भाइयों की कलाइयों पर रक्षा सूत्र बांधकर प्यार और स्नेह जताया। बदले में भाइयों की तरफ से अपनी बहनों को रक्षा वचन का वादा किया गया। साथ ही आकर्षक गिफ्ट भी अपनी बहनों को दिए। शहर के घरों में सुबह से ही हर्षोल्लास छाया नजर आया है।

रक्षा बंधन पर्व को लेकर शहर के बाजार गुलजार नजर आए। मिठाइयों व राखियों की दुकानों पर आज भी काफी भीड़ रही। भद्रा का साया नहीं होने से दिनभर इसका उल्लास छाया रहा।

आज रक्षाबंधन पूर्णिमा के साथ मनाया गया है तो वहीं आज से ही सावन माह का भी समापन हो गया। अब भाद्रपक्ष का कृष्ण पक्ष आज से शुरू हो गया है। सावन भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष माना जाता है। पूरे महीने शिवालयों में जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना का दौर चलता रहा। सावन के अंतिम दिन पूर्णिमा होने से धार्मिक दृष्टि से भी इस दिन का महत्व बढ़ गया।

बाजारों में आकर्षक डिजाइनों की राखियां को लेकर लड़कियों में गजब का क्रेज नजर आया। आज शहर के बाजारों में महिलाओं की काफी चहलपहल रही। सुबह से राखी व मिठाइयों की दुकानों पर भीड़ रही। बाजारों में राखियों की दुकानें पूरी तरह से सजाई गई है। डिजिटल राखी, पत्थर राखड़ी सहित कई डिजाइनों की राखियां दुकानों पर बिक्री के लिए आई। बच्चे मोटू पतलू, शिवा, टॉम एंड जैरी जैसी कार्टून वाली राखी खरीदने में दिलचस्पी दिखा रहे है। सुबह से ही शहर के सरदारपुरा बी व सी रोड, भीतरी शहर के घंटाघर, त्रिपोलिया बाजार, आडा बाजार, सर्राफा बाजार, पावटा तो वहीं बाहरी क्षेत्र में शास्त्रीनगर, रातानाडा, बीजेएस कुड़ी, चौपासनी हाउसिंग बोर्ड के अलग-अलग सेक्टरों में स्थित बाजारों में रौनक नजर आई।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश