बद्रीनाथ धाम में अक्टूबर में होगा श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन, बीकानेर से 500 श्रद्धालु होंगे शामिल
बीकानेर, 28 मई (हि.स.)। सनातन धर्म रक्षा समिति बीकानेर द्वारा इस वर्ष तीन अक्टूबर से नौ अक्टूबर तक भगवान बद्रीनाथ की पावन नगरी में श्रीमद्भागवत कथा का भव्य एवं दिव्य आयोजन किया जाएगा। अलकनंदा नदी के तट पर आयोजित होने वाली इस कथा में बीकानेर जिले एवं संभाग सहित देशभर से श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
सनातन धर्म रक्षा समिति बीकानेर के संस्थापक सुरेन्द्र सिंह राजपुरोहित सुरेन्द्र सिंह राजपुरोहित ने बुधवार को बताया कि कथा का वाचन परम पूज्य श्रीबालाजी सेवाधाम पीठाधीश्वर, अनंत विभूषित महामंडलेश्वर आचार्य बजरंग दास आचार्य बजरंग दास महाराज करेंगे। कथा के माध्यम से सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण तथा प्रचार-प्रसार का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समिति द्वारा हरिद्वार से बद्रीनाथ धाम तक आने-जाने, ठहरने, भोजन, चाय, नाश्ता, गर्म पानी तथा सात दिनों की संपूर्ण व्यवस्था की जाएगी। श्रद्धालुओं को केवल हरिद्वार तक अपने निजी संसाधनों से पहुंचना होगा।
राजपुरोहित ने बताया कि आयोजन में कुल 500 श्रद्धालुओं एवं कार्यकर्ताओं के लिए व्यवस्था की गई है। कथा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रति व्यक्ति 11 हजार रुपये सहयोग राशि निर्धारित की गई है। बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है, जिसमें कमरे, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि कथा में शामिल होने के इच्छुक श्रद्धालुओं के लिए पंजीकरण करवाना अनिवार्य होगा। पंजीकरण के बाद समिति की ओर से पहचान पत्र जारी किया जाएगा, जिसे यात्रा के दौरान साथ रखना आवश्यक रहेगा। उन्होंने कहा कि पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित की गई है और इसके बाद किसी भी प्रकार का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सनातन धर्म रक्षा समिति द्वारा सेवा कार्य के लिए महिला एवं पुरुष कार्यकर्ताओं से भी आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। सेवा कार्य हेतु जाने वाले कार्यकर्ताओं को बीकानेर से बद्रीनाथ धाम तक आने-जाने का खर्च स्वयं वहन करना होगा, जबकि वहां ठहरने और भोजन की व्यवस्था समिति द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव