बकाया अनुदान को लेकर किसानों का फूटा गुस्सा, ट्रैक्टरों से बैरिकेड्स तोड़े
हनुमानगढ़, 26 अगस्त (हि.स.)। अटल भूजल योजना के तहत निर्मित डिग्गियों की बकाया अनुदान राशि नहीं मिलने से नाराज किसानों का बुधवार को गुस्सा सड़क पर दिखाई दिया। बकाया भुगतान की मांग को लेकर किसानों ने टाउन धानमंडी से ट्रैक्टर रैली निकाली। रैली को रोकने के लिए पुलिस ने रास्ते में बैरिकेड्स लगाए, लेकिन किसान पीछे हटने के बजाय बैरिकेड्स से ही भिड़ गए। गुस्साए किसानों ने पुलिस के लगाए बैरिकेड्स धकेलकर सड़क से हटा दिए। इस दौरान किसानों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई।
इसके बाद किसानों की ट्रैक्टर रैली टाउन और जंक्शन क्षेत्र से होते हुए भारतमाता चौक तक पहुंची, जहां रैली का समापन हुआ। पूरे प्रदर्शन के दौरान किसान सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे और अटल भूजल योजना की डिग्गियों का लंबित अनुदान जल्द जारी करने की मांग करते रहे। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।
किसानों का कहना है कि उन्होंने अटल भूजल योजना के तहत डिग्गियां बनवाने के लिए ऋण लिया था। उन्हें उम्मीद थी कि योजना के तहत मिलने वाली अनुदान राशि समय पर मिल जाएगी और इससे कर्ज का बोझ कम होगा, लेकिन लंबे समय से भुगतान अटका हुआ है। अब स्थिति यह है कि अनुदान के इंतजार में किसानों पर कर्ज के साथ ब्याज का बोझ भी बढ़ता जा रहा है।
किसान नेताओं रायसाहब पचार और रेशम सिंह मानुका ने कहा कि अपनी मांग को लेकर किसान जिला कलेक्टर, अतिरिक्त जिला कलेक्टर, मंत्री और किसान आयोग अध्यक्ष सहित संबंधित अधिकारियों को कई बार ज्ञापन दे चुके हैं। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। नेताओं ने कहा कि किसानों को लगातार आश्वासन मिलते रहे, लेकिन खाते में अनुदान की राशि नहीं पहुंची। ऐसे में अब किसानों के सामने आंदोलन तेज करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने कहा कि चुनाव का समय होने के कारण सड़क पर उतरना उनकी मजबूरी बन गया है। किसानों ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि जल्द बकाया अनुदान राशि जारी नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। किसानों ने साफ शब्दों में कहा कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, उन्हें अपनी मेहनत और कर्ज के बीच फंसी अनुदान राशि चाहिए। इसी मांग को लेकर किसानों ने 'आर-पार की लड़ाई' का ऐलान किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित