बंद मकान में पिता-पुत्री के सड़े-गले शव मिले
जयपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। राजधानी के रामनगरिया थाना क्षेत्र स्थित जगतपुरा की रेलवे कॉलोनी आनंद विहार में शुक्रवार को एक बंद मकान से पिता-पुत्री के सड़े-गले शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों की मौत करीब पांच दिन पहले होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से मौके से साक्ष्य जुटा कर जांच शुरू कर दी है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही हो सकेगा।
थानाधिकारी चंद्रभान ने बताया कि घटना आनंद विहार स्थित रेलवे कॉलोनी के मकान संख्या डी-49 की है। यहां 95 वर्षीय महावीर शर्मा और उनकी 55 वर्षीय बेटी प्रीति शर्मा रहते थे। गुरुवार शाम से मकान से दुर्गंध आने लगी थी, लेकिन किसी ने अधिक ध्यान नहीं दिया। शुक्रवार सुबह दुर्गंध तेज होने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। उन्होंने देखा कि रोजाना गेट के अंदर रखे जाने वाले अखबार कई दिनों से वहीं पड़े हैं। साथ ही, प्रीति शर्मा, जो प्रतिदिन सुबह अखबार उठाती थीं और बाउंड्री पर लगे पौधों को पानी देती थीं, कई दिनों से दिखाई नहीं दीं। वहीं अनहोनी की आशंका पर पड़ोसियों ने महावीर शर्मा के बेटे को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और घर में प्रवेश का प्रयास किया, लेकिन मकान अंदर से बंद मिला। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के दोनों बेटों महेश शर्मा और राकेश शर्मा की मौजूदगी में मकान का दरवाजा खुलवाया गया। अंदर प्रवेश करने पर महावीर शर्मा और प्रीति शर्मा के शव अलग-अलग स्थानों पर सड़ी-गली अवस्था में पड़े मिले।
थानाधिकारी चंद्रभान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों की मौत करीब पांच दिन पहले होना प्रतीत हो रही है। शवों की स्थिति काफी खराब थी। मौके पर एफएसएल टीम बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रीति शर्मा तलाकशुदा थीं और लंबे समय से अपने पिता के साथ इसी मकान में रह रही थीं। जांच के दौरान यह तथ्य भी सामने आया है कि प्रीति अपने अन्य भाइयों को मकान में आने नहीं देती थीं। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जेएनयू अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही दोनों की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश