फैशन, फुटवियर डिज़ाइन और डिजिटल क्रिएटिविटी पर कार्यशाला रविवार से
जोधपुर, 20 जून (हि.स.)। डिज़ाइन शिक्षा एवं रचनात्मक उद्योगों में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों और युवाओं को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करने के उद्देश्य से फुटवियर डिज़ाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एफडीडीआई) जोधपुर की ओर से विशेष डिज़ाइन कार्यशाला श्रृंखला डिज़ाइन एक्सप्लोर-2026 का आयोजन किया जा रहा है। कौशल विकास पर केंद्रित यह कार्यक्रम 21 जून से शुरू होकर पांच कार्य दिवसों तक चलेगा।
संस्थान के कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार ने बताया कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में डिज़ाइन केवल एक विषय नहीं, बल्कि नवाचार, सृजनात्मकता और उद्यमिता का सशक्त माध्यम बन चुका है। इसी उद्देश्य से आयोजित डिज़ाइन एक्सप्लोर-2026 विद्यार्थियों को डिज़ाइन की विभिन्न विधाओं से परिचित कराने के साथ-साथ भविष्य के करियर अवसरों के प्रति जागरूक करेगा। कार्यक्रम के तहत प्रतिभागियों के लिए तीन प्रमुख क्षेत्रों में विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।
फुटवियर डिज़ाइन कार्यशाला में फुटवियर डिज़ाइन के मूल सिद्धांतों एवं प्रोटोटाइपिंग की जानकारी दी जाएगी। वहीं फैशन डिज़ाइन कार्यशाला में विभिन्न टूल्स, तकनीकों और प्रक्रियाओं के माध्यम से परिधान डिज़ाइन की बुनियादी अवधारणाओं को समझाया जाएगा।
इसके अलावा कम्प्यूटर एडेड डिज़ाइन (सीएडी) कार्यशाला में वेक्टर डिज़ाइन, टाइपोग्राफी एवं डिजिटल क्रिएटिविटी से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश