प्रो. अग्रवाल बने यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ नर्सिंग के प्राचार्य

 


जोधपुर, 24 फरवरी (हि.स.)। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय में रसशास्त्र एवं भैषज्य कल्पना विभाग के विभागाध्यक्ष एवं परीक्षा नियंत्रक प्रोफेसर राजाराम अग्रवाल को विश्वविद्यालय के आंगिक यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ नर्सिंग का प्राचार्य नियुक्त किया गया है। जारी आदेशानुसार उन्होंने प्राचार्य पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया है।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर (वैद्य) गोविन्द सहाय शुक्ल ने प्रो. अग्रवाल को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ नर्सिंग नई उपलब्धियां प्राप्त करेगा। प्रोफेसर अग्रवाल ने कहा कि नर्सिंग शिक्षा स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ है और उनका प्रयास रहेगा कि कॉलेज को शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुशासन, अनुसंधान तथा व्यावहारिक प्रशिक्षण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाए।

उन्होंने कहा कि आधुनिक नर्सिंग शिक्षा को आयुर्वेदिक सिद्धांतों एवं समग्र स्वास्थ्य दृष्टिकोण से जोड़ते हुए विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, संस्कारित एवं सेवा-भाव से युक्त पेशेवर के रूप में तैयार किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि संस्थान में शैक्षणिक वातावरण को और अधिक सुदृढ़ करते हुए शोध, नवाचार एवं क्लीनिकल दक्षता पर विशेष बल दिया जाएगा, ताकि विद्यार्थी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बना सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश