प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास- वन राज्यमंत्री ने अलवर में महिलाओं से नींव में शिला रखवाकर पेश की नजीर

 




अलवर, 20 मार्च (हि.स.)। वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने शुक्रवार को दिवाकरी में करीब 1.60 करोड़ रूपये लागत राशि से बनने वाले राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन का विधि विधान से भूमि पूजन कर शिलान्यास किया तथा महिलाओं से नींव में शिला रखवाकर नजीर पेश की।

वन राज्यमंत्री शर्मा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का बजट में ग्राम पंचायत दिवाकरी में सब सेंटर को पीएचसी क्रमोन्नत करने पर आभार जताते हुए कहा कि आज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास किया गया है तथा इसी वर्ष इसे पूरी तरह तैयार कर चालू करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीएचसी के शुरू होने से स्थानीय लोगों को ही नहीं बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के 50 हजार से अधिक ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सकीय सुविधा, निःशुल्क जांच व दवा का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय वन मंत्री एवं अलवर सांसद भूपेन्द्र यादव के नेतृत्व में अलवर का सर्वांगीण विकास हमारी प्राथमिकता है। इसी दिशा में कार्य करते हुए जिले के चहुंमुखी विकास के काम कराए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सा क्षेत्र को मजबूती प्रदान करने की दिशा में निरन्तर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा अलवर शहर को विशेष तरजीह देते हुए शिवाजी पार्क पीएचसी को सीएचसी में तथा रूपबास सबसेंटर को पीएचसी में क्रमोन्नत किया है, जिनके भवन को शीघ्र तैयार कराया जाएगा। साथ ही शिशु वार्ड को शिशु अस्पताल का दर्जा दिया गया है, जिसका काम भी शीघ्र चालू होगा। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय में मरीजों की बढती संख्या को दृष्टिगत रखते हुए इसी वर्ष बजट में 650 बैड संख्या को बढाकर 750 बैड किया गया है। उन्होंने कहा कि कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से मरीजों को राहत प्रदान करने हेतु जिला चिकित्सालय में ही पैथोलॉजी विभाग में फाइन निडल एस्पाइरेशन साइटोलॉजी (एफएनएसी) केंद्र का उद्घाटन कर कैंसर एवं अन्य रोगों की जांच सेवा का शुभारंभ किया तथा करीब 50 करोड रूपये के बजट राशि से अस्पताल में ही कैंसर की जांचें शुरू की जाएगी।

उन्होंने कहा कि दिवाकरी अलवर विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा होने के बावजूद ग्रामीण क्षेत्र में आता है। नगर निगम के परिसीमन में इस क्षेत्र को नगर निगम में जोडा गया है, जिससे क्षेत्र के विकास को और अधिक गति मिल रही है। उन्होंने क्षेत्रवासियों द्वारा अवगत कराए गए सभी विकास के कार्यों को प्राथमिकता में रखते हुए पूर्ण कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने पीएचसी परिसर में पीपल का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. योगेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि पीएचसी भवन करीब 1.60 करोड़ रूपये लागत राशि से भवन इसी वर्ष सितम्बर माह तक तैयार कराया जाएगा, जिसमें करीब 450 तरह की दवाइयां एवं करीब 40 प्रकार की जांचे निःशुल्क उपलब्ध होंगी। साथ ही पीएचसी में 6 बैड एवं एक चिकित्सक की सुविधा उपलब्ध रहेगी। उन्होंने कहा कि पीएचसी से आसपास की 50 हजार से अधिक की जनसंख्या को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में निवर्तमान सरपंच मीना लक्ष्मण सिंह ने अतिथियों का आभार जताया।

इस अवसर पर सरस डेयरी चैयरमैन नितिन सांगवान, जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, पूर्व महापौर घनश्याम गुर्जर, सीएमएचओ डॉ. योगेन्द्र कुमार शर्मा, एनआरएचएम के अधिशासी अभियन्ता शिवराम जाटव, सतीश यादव, जितेन्द्र राठौड, महेश निहालवानी, पं. जलेसिंह, नरेश गोयल, पवन जैन, सुदेश खाम्बरा सहित प्रबुद्ध व्यक्ति एवं बडी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार