प्राकृतिक आपदा से निपटने में सभी विभाग समन्वय से करें काम

 


धौलपुर, 15 जून (हि.स.)। आगामी वर्षा ऋतु के दौरान अतिवृष्टि एवं संभावित बाढ़ की रोकथाम के लिए पूर्व में ही समस्त व्यवस्थाएं पूर्ण करने के लिए आपदा प्रबन्धन समिति की बैठक जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी की अध्यक्षता में डीओआईटी के वीसी कक्ष में वर्चुअल माध्यम से आयोजित की गई। जिला कलक्टर ने आपदा प्रबन्धन एवं वर्षा ऋतु के दौरान अतिवृष्टि एवं संभावित बाढ़ के दौरान बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों से आपदा आने पर रोकथाम व बचाव के बारे में विभागवार जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे व्यक्तिगत रुचि लेते हुए आपदा से सम्बन्धित की गई तैयारियों का जायजा लेकर कार्य करें। जिला जिला स्तरीय अधिकारी अनुमति लेकर ही मुख्यालय छोड़े। स्टाफ को भी अनावश्यक छुट्टिया न दें। आपसी समन्वय रखकर कार्य करें। बाढ़ से प्रभावित होने वाले सम्भावित गांव ढांणियों की सूचना एकत्रित कर जिला मुख्यालय को भिजवाएं। तहसीलदार, उपखण्ड अधिकारी सम्भावित क्षेत्रों का दौरा कर लें, जिससे राहत कार्यों में आसानी रहे। आवश्यक दूरभाष नम्बर तथा राहत कार्यों से संबधित कार्मिकों के नाम पते उपलब्ध रहे। जिले में वर्षा नहीं होने के बावजूद भी चम्बल नदी के ऊपरी क्षेत्रों में अधिक वर्षा के फलस्वरूप बाढ़ के हालात बन जाते हैं, जिससे निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां रखें।

बैठक में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को 24 घंटे सातों दिवस नियंत्रण कक्ष संचालित करने, पर्याप्त दवाइयों एवं जीवनरक्षक औषधियों का भंडारण रखने तथा मोबाइल मेडिकल टीमों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। अधीक्षण अभियन्ता सार्वजनिक निर्माण विभाग को निर्देश देते हुए जिले के सम्भावित बाढ़ प्रभावित नदी एवं नालों एवं सड़कों के दोनो ओंर लोहे के पिलर लगाकर चैन लगाने की व्यवस्था की जाए, ताकि आपदा के समय यातायात रोका जा सके। इसके अतिरिक्त रपट वाले स्थानों पर नदी एवं नालों के दोनो ओंर भी चेतावनी बोर्ड लगाये जाना सुनिश्चित करें तथा सड़क मार्ग से गुजरने वाले नदी नाले रपट आदि पर होकर वर्षा का पानी बह रहा हो तो चिन्हित कर दोनों और साइन बोर्ड लगाकर यातायात प्रतिबंधित किया जाए। बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद एएन सोमनाथ तथा अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिराम मीना सहित सम्बंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

धौलपुर में जिला स्तरीय आपदा-बाढ़ प्रबंधन कक्ष के दायित्वों का निर्वहन करने के लिए जिला स्तरीय आपदा बाढ़ नियंत्रण कक्ष का संचालन किया जाएगा। जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने बताया कि जिला स्तरीय आपदा-बाढ़ नियंत्रण कक्ष का संचालन जिला कलक्ट्रेट कार्यालय के कमरा नम्बर 51 में किया जाएगा। जिसका दूरभाष नम्बर 05642-220033 रहेगा। उन्होंने बताया कि नियंत्रण कक्ष के प्रभारी अधिकारी सहायक लेखाधिकारी मांगीलाल आर्य मोबाइल नम्बर 941413473 रहेगें। बाढ़ नियंत्रण कक्ष तीन पारियों में 24 घण्टे कार्यरत रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप