प्रसूताओं की मौत पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा

 


जोधपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में प्रसूताओं की लगातार हो रही मौतों और संक्रमण की घटनाओं को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

जोधपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष नरेंद्र शर्मा ने कहा कि कोटा, बीकानेर, जोधपुर, बांसवाड़ा और हाल ही में भीलवाड़ा से सामने आए मामलों ने सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली पर चिंता बढ़ा दी है।

शर्मा ने जारी बयान में कहा कि समाचारों के अनुसार भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल में कुछ ही दिनों के भीतर कई प्रसूताओं की मृत्यु हुई है तथा ऑपरेशन थिएटर में संक्रमण की आशंका भी जताई गई है। उन्होंने कहा कि यदि सरकारी अस्पतालों में माताएं सुरक्षित नहीं हैं तो आमजन का सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर विश्वास कमजोर होना स्वाभाविक है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रही घटनाएं संक्रमण नियंत्रण, संसाधनों की उपलब्धता, उपकरणों की गुणवत्ता, स्टरलाइजेशन व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी में गंभीर कमियों की ओर संकेत करती हैं। उनका कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम उठाए जाते तो कई परिवारों को अपूरणीय क्षति से बचाया जा सकता था।

नरेंद्र शर्मा ने राज्य सरकार से मांग की कि केवल जांच समितियों के गठन तक सीमित रहने के बजाय दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।

उन्होंने सभी घटनाओं की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच, सरकारी अस्पतालों के ऑपरेशन थिएटर और संक्रमण नियंत्रण व्यवस्था का तत्काल ऑडिट, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, दवाइयों एवं आवश्यक उपकरणों की कमी दूर करने तथा मृतक प्रसूताओं के परिजनों को उचित आर्थिक सहायता एवं न्याय प्रदान करने की मांग भी की।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश