प्रधान चुनाव में कहीं पथराव तो कहीं लाठीचार्ज, कैमरे वाले चश्मों ने भी खींचा ध्यान

 




जयपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान की 419 पंचायत समितियों में प्रधान चुनने का दिन शुक्रवार सियासी रोमांच और हंगामे से भरा रहा। कहीं पंचायत समिति सदस्यों को मतदान से रोकने के लिए रास्ते में गाड़ियों के शीशे तोड़े गए, कहीं बाड़ेबंदी के बाहर पथराव हुआ तो कहीं भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। कई जगह एक-एक सदस्य का वोट इतना महत्वपूर्ण हो गया कि प्रत्याशियों के समर्थक आमने-सामने आ गए।

सबसे चौंकाने वाला नजारा खैरथल-तिजारा के कोटकासिम में देखने को मिला, जहां चार पंचायत समिति सदस्य कैमरे लगे चश्मे पहनकर मतदान करने पहुंचे। एक सदस्य के पेन में भी कैमरा लगा मिला। प्रवेश द्वार पर जांच के दौरान पुलिस ने चश्मे और पेन हटवाए, इसके बाद सदस्यों को मतदान केंद्र में प्रवेश दिया गया।

कोटपूतली-बहरोड़ के बहरोड़ में नीमराना के भाजपा समर्थित करीब 12 पंचायत समिति सदस्यों को लेकर जा रही गाड़ियों पर हमला किया गया। गाड़ियों के शीशे तोड़े गए और रास्ते में रोकने का प्रयास किया गया। भाजपा नेता डॉ. मोहित यादव के अनुसार पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद सदस्य मतदान के लिए पहुंच सके।

भीलवाड़ा की खजूरी पंचायत समिति में कांग्रेस सदस्यों को मतदान के लिए लेकर आई बस के शीशे तोड़ दिए गए। विरोध के चलते सड़क पर जाम तक लग गया और पुलिस को स्थिति संभालनी पड़ी। यहां कांग्रेस प्रत्याशी को लेकर स्थानीय स्तर पर चल रही नाराजगी मतदान के दिन खुलकर सामने आ गई।

टोंक की मालपुरा पंचायत समिति में भी प्रधान चुनाव के दौरान माहौल बिगड़ गया। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। इस दौरान कांग्रेस नेता गोपाल गुर्जर के सिर में चोट लगी, जबकि घासीलाल चौधरी को भी चोटें आईं। घटना से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए।

नीमकाथाना में कांग्रेस की बाड़ेबंदी के बाहर भी प्रत्याशी को लेकर नाराजगी का विस्फोट हुआ। गीता देवी गुर्जर को प्रत्याशी नहीं बनाए जाने से नाराज समर्थकों ने प्रदर्शन किया और बाद में बाड़ेबंदी के बाहर पथराव भी हुआ।

पुलिस की मौजूदगी में पंचायत समिति सदस्यों को मतदान के लिए ले जाया गया।

डीग की बृज नगर पंचायत समिति में तो प्रधान चुनाव का घटनाक्रम ही अनोखा रहा। बती कुमारी ने कांग्रेस, भाजपा और निर्दलीय के रूप में नामांकन दाखिल किया। नियमों के तहत अंतिम जमा किया गया नामांकन मान्य माना गया और कांग्रेस वाला नामांकन निरस्त हो गया। परिणामस्वरूप बती कुमारी भाजपा प्रत्याशी के रूप में निर्विरोध प्रधान बनीं।

चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति में भाजपा और कांग्रेस के पास 14-14 सदस्य हैं, जबकि एक सीट आरएलपी के पास है। ऐसे में आरएलपी की शंकरी देवी का वोट निर्णायक माना गया। मतदान से पहले भाजपा, कांग्रेस और आरएलपी समर्थकों की भीड़ कलेक्ट्रेट चौराहे पर जुटी रही और तीनों दलों के समर्थकों ने अपने-अपने नेताओं के समर्थन में नारे लगाए।

नागौर पंचायत समिति में कांग्रेस और आरएलपी के बीच सदस्यों की संख्या बराबर होने के कारण एक सदस्य को लेकर विवाद खड़ा हो गया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि आरएलपी ने उसके एक सदस्य को अपने पक्ष में कर लिया है। मतदान से पहले सदस्य से मुलाकात की मांग को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और बाद में कार्यकर्ताओं के बीच हंगामे की स्थिति बन गई। पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को हटाना पड़ा।

सीकर की धोद पंचायत समिति में कांग्रेस प्रत्याशी के नाम वापस लेने के बाद मुकाबला पूरी तरह भाजपा बनाम भाजपा हो गया। भाजपा के मूलचंद रणवा अधिकृत प्रत्याशी रहे, जबकि भाजपा के किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री ओमप्रकाश बिजारणियां ने निर्दलीय के तौर पर मैदान संभाल लिया। अब दोनों के बीच मुकाबला सियासी प्रतिष्ठा का सवाल बन गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित