प्रदेश के निकाय चुनावों में भी खिलेगा कमल : शेखावत
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री बोले, भारत-यूके एफटीए से राजस्थान के हस्तशिल्प को मिलेगा बड़ा लाभ
जोधपुर, 5 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने प्रदेश में होने वाले आगामी पंचायती राज और स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की प्रचंड जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में विकास की एक नई धारा बही है। भाजपा का पूरा संगठन एकजुट होकर पूरी गंभीरता से इन चुनावों की तैयारी कर रहा है। राजस्थान की जनता का पूरा आशीर्वाद एक बार फिर भाजपा को मिलेगा। शेखावत ने भारत-यूके फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को देश और विशेषकर राजस्थान के आर्थिक विकास के लिए मील का पत्थर बताया है।
बुधवार को अपने निज निवास पर पत्रकारों से बातचीत में शेखावत ने कहा कि भारत और यूके के बीच हुए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट से भारत के इंजीनियरिंग, हैंडीक्राफ्ट और लेदर उद्योग को बड़ी राहत मिली है। अब भारत से यूके निर्यात होने वाले 99 प्रतिशत उत्पाद बिना किसी आयात शुल्क (जीरो टैरिफ) के वहां के बाजार में पहुंच सकेंगे। इस समझौते की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लागू होने के पहले ही दिन भारत से 140 मिलियन यूएस डॉलर के उत्पाद यूके निर्यात किए गए।
शेखावत ने इस समझौते का राजस्थान पर पडऩे वाले सीधे प्रभाव का जिक्र करते हुए कहा कि जोधपुर का हैंडीक्राफ्ट, जयपुर की जेम्स एंड ज्वेलरी और राजस्थान के लेदर गुड्स बड़ी मात्रा में यूके निर्यात होते हैं। आयात शुल्क शून्य होने से प्रदेश के इन उद्योगों को निश्चित रूप से बड़ा लाभ मिलेगा और निर्यात में भारी उछाल आएगा। उन्होंने बताया कि इस एग्रीमेंट में फ्री ट्रेड के साथ-साथ 'मोबिलिटी समझौता' भी शामिल है। इससे व्यापार और रोजगार के सिलसिले में यूके जाने वाले भारतीयों को वर्क वीजा आसानी से मिल सकेगा। तकनीकी क्षेत्र के प्रोफेशनल्स के लिए यूके के दरवाजे खुलेंगे और भारत की प्रतिभा दुनिया में अपना डंका बजाएगी।
जब पत्रकारों ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के चार दिनों तक जोधपुर में रहने और उनके जादू चलने की संभावना पर सवाल पूछा तो शेखावत ने बेहद सहजता से तंज कसते हुए जवाब दिया, मैं तो अभी आया हूं, मुझे कोई तिलिस्म दिख नहीं रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश