प्रताप कुमार भाटिया की पेंसिल स्केच प्रदर्शनी तीन जुलाई से

 


जयपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। शहर के वयोवृद्ध कलाकार प्रताप कुमार भाटिया की तीन दिवसीय पेंसिल आर्ट प्रदर्शनी तीन जुलाई, शुक्रवार से जवाहर कला केंद्र में प्रारंभ होगी। केंद्र की सुकृति कला दीर्घा में पूर्व मंत्री व विधायक कालीचरण सर्राफ दोपहर 11 बजे प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। इस प्रदर्शनी में भाटिया के 101 पेंसिल स्केच प्रदर्शित किए जाएंगे । जो भगवान, पक्षी, फूल, वाद्य यंत्र, प्रसिद्ध मंदिर व स्टैच्यू,व्यक्तित्व आदि पर आधारित होंगे। भाटिया अपनी कला के माध्यम से प्रकृति को सहेज कर रखने का संदेश देंगे।

उल्लेखनीय है कि पेशे से इंजीनियर रहे प्रताप कुमार भाटिया ने 72 वर्ष से अधिक की उम्र में कोरोना काल के दौरान पेंसिल स्केच बनाने की यात्रा शुरू की थी,जो अनवरत जारी है। बिना किसी औपचारिक प्रशिक्षण के कला की उनकी यात्रा नवीन कलाकारों के लिए प्रेरणादायक है। भाटिया रोड सेफ्टी लाइन संस्था के संस्थापक भी हैं और उन्हें स्टांप कलेक्शन व समाज सेवा के लिए सम्मानित भी किया जा चुका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश