पूर्व राज्यमंत्री जाड़ावत का आरोप, डबल इंजन सरकार में विकास कार्य अटके, साधा निशाना

 


चित्तौड़गढ़, 11 मई (हि.स.)। कांग्रेस सरकार में स्वीकृत अधूरे विकास कार्यों को लेकर पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्रसिंह जाड़ावत के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान जाड़ावत ने कहा कि डबल इंजन सरकार में विकास कार्य अटक गए हैं और विधायक विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों को पूरा करवाने में फेल रहे हैं।

कांग्रेस चित्तौड़गढ़ शहर प्रवक्ता नवरतन जीनगर ने बताया कि शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस के तत्वावधान में प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलक्टर से मुलाकात स्वागत किया और एक ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में पारित कई कार्य अभी तक लंबित हैं, जिससे आमजन को परेशानी हो रही है। चिकित्सा, शिक्षा व सड़क तंत्र को मजबूत करने के लिए बजट व डीएमएफटी से कई कार्य स्वीकृत करवाए गए थे, लेकिन अब देरी से जनता में असंतोष है। ज्ञापन में बस्सी उप जिला चिकित्सालय भवन निर्माण, जिला चिकित्सालय बोजुंदा में शुरू करवाने, चंदेरिया सीएचसी भवन निर्माण पूर्ण, जिसे शुरू करवाना, सादी स्वास्थ्य केंद्र के भवन निर्माण पूर्ण जिसे भी शुरू करवाना नर्सिंग कॉलेज भवन निर्माण पूर्ण, जिसे शुरू करवाना, गांगाजी का खेड़ा उप स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण, सेटेलाइट हॉस्पिटल में चिकित्सकों की पूर्ति करना, सावा उप तहसील कार्यालय को शुरू करवाना, सावा आईटीआई भवन निर्माण शुरू करने की मांग की गई। इसके अलावा गेहूं खरीद में अनियमितता दूर करना, पन्नाधाय सर्किल बोजुंदा की मरम्मत, डीएमएफटी की स्वीकृत सड़कें, स्कूलों में कक्षा कक्ष निर्माण आदि की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में वरिष्ठ नेता प्रेम प्रकाश मूंदड़ा, शहर अध्यक्ष अनिल सोनी, ग्रामीण अध्यक्ष विक्रम जाट, पूर्व सभापति रमेशनाथ योगी, विधानसभा चुनाव प्रभारी नगेंद्र सिंह राठौड़, मंडल अध्यक्ष दिनेश सोनी, कालूलाल जाट, महावीर सिंह डेलवास, राजदीप सिंह राणावत, अर्जुन रायका, पर्यावरण प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष कमल गुर्जर, एससी विभाग जिला अध्यक्ष राकेश घारू, शहर प्रवक्ता नवरतन जीनगर मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल