पीपीई किट पहन प्रिंसिपल ने पांच घंटे की मशक्कत में हटाए मधुमक्खियों के छत्ते
चूरू, 06 अप्रैल (हि.स.)। चूरू स्थित मेडिकल कॉलेज में छात्रों की सुरक्षा को लेकर एक सराहनीय पहल देखने को मिली है। मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. एमएम पुकार ने खुद पीपीई किट पहनकर कॉलेज परिसर में बने मधुमक्खियों के खतरनाक छत्तों को हटाने का जिम्मा उठाया और करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सात बड़े छत्तों को सफलतापूर्वक हटा दिया।
दरअसल, तीन अप्रैल की रात एक सिक्योरिटी गार्ड पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया था, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। इस घटना के बाद कॉलेज प्रशासन सतर्क हुआ और छात्रों पर मंडरा रहे बड़े खतरे को देखते हुए तुरंत कार्रवाई का निर्णय किया गया।
प्रिंसिपल डॉ. पुकार ने पहले इस कार्य के लिए विशेषज्ञों से संपर्क किया, लेकिन मधुमक्खियों के बढ़ते हमलों के कारण किसी ने भी जोखिम उठाने की सहमति नहीं दी। ऐसे में उन्होंने खुद यह जिम्मेदारी उठाई और टीम के साथ अभियान शुरू किया। रविवार को अवकाश का दिन होने के कारण छात्रों को असुविधा से बचाने के लिए यह कार्य चुना गया।
अभियान शुरू करने से पहले हॉस्टल में रह रहे छात्रों को अस्थायी रूप से दूसरी जगह शिफ्ट किया गया। इसके बाद दोपहर करीब एक बजे शुरू हुआ अभियान शाम छह बजे तक चला।
गर्ल्स हॉस्टल में तीन और बॉयज हॉस्टल में चार छत्ते मौजूद थे। टीम ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मधुमक्खियों को उड़ाया और छत्तों को हटाकर संबंधित स्थानों पर केमिकल व डीजल का छिड़काव किया, ताकि दोबारा छत्ते न बन सकें। इस अभियान में सेंट्रल लैब इंचार्ज डॉ. नदीम, मैस कर्मचारी सुमेर, वार्ड बॉय जगदीश, सिक्योरिटी गार्ड नेमीचंद, इंतजार खान, सिक्योरिटी इंचार्ज कैप्टन रघुवीर सिंह, एग्जीक्यूटिव असिस्टेंट वेदप्रकाश खींची और सफाई कर्मचारी पूजा सहित अन्य स्टाफ ने सहयोग किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित