पिंजरापोल गौशाला हादसा: 7 दिन में रिपोर्ट देगी उच्चस्तरीय जांच समिति

 


जयपुर, 09 जुलाई (हि.स.)। सांगानेर स्थित पिंजरापोल गौशाला में करंट लगने से चार गायों की मौत के मामले में राज्य सरकार ने पांच सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की है। प्रमुख शासन सचिव (गोपालन विभाग) के आदेशानुसार समिति सात दिन में रिपोर्ट सौंपेगी।

समिति की अध्यक्षता संभागीय अतिरिक्त निदेशक डॉ. राजकुमार भारद्वाज करेंगे। अन्य सदस्यों में डॉ. हनुमान सहाय मीणा, डॉ. महेश कुमार शर्मा, डॉ. कौशल कुमार मण्डावरा और डॉ. नरेश कुमार शर्मा शामिल हैं। समिति हादसे के कारणों, सुरक्षा में लापरवाही और जिम्मेदारों की भूमिका की जांच करेगी।

इस मामले में सांगानेर थाने में परिवाद दर्ज होने के बाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 325 के तहत जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आरोपों के अनुसार बारिश के दौरान बिजली केबल में करंट फैलने और ट्रांसफॉर्मर के पास सुरक्षा इंतजामों की कमी से हादसा हुआ। वहीं, डिस्कॉम ने घटनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का कार्य शुरू कर दिया है। घटना के बाद प्रदेशभर की गौशालाओं में विद्युत सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग भी तेज हो गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश