पहली बार लाभ में आई राजस्थान रोडवेज, 800 नई बसों की खरीद

 


जयपुर, 27 फ़रवरी (हि.स.)। उप मुख्यमंत्री एवं परिवहन व सड़क सुरक्षा मंत्री प्रेम चंद बैरवा ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा कि प्रदेशवासियों को सुरक्षित, सुलभ और किफायती बस सेवा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में अब तक 800 नई बसें खरीदी जा चुकी हैं और आगे भी नई बसें शामिल की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में प्रभावी संचालन के कारण रोडवेज पहली बार लाभ की स्थिति में आई है।

प्रश्नकाल के दौरान सदस्य घनश्याम द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों के उत्तर में मंत्री ने बताया कि हिंडौन सिटी से जयपुर (वाया लपावली-नांगल शेरपुर-बालघाट-टोडाभीम) संचालित बस सेवा को कम यात्री भार के कारण बंद किया गया है। जून 2025 में 58 प्रतिशत, जुलाई में 60 प्रतिशत, अगस्त में 64 प्रतिशत, सितंबर में 53 प्रतिशत, अक्टूबर में 60 प्रतिशत और नवंबर में 60 प्रतिशत ही यात्रीभार रहा। कम आय प्रति किलोमीटर मिलने के कारण दिसंबर 2025 से इस रूट का संचालन बंद किया गया।

उन्होंने साफ किया कि पिछले तीन वर्षों में इसके अतिरिक्त कोई अन्य बस सेवा बंद नहीं की गई है।

डॉ. बैरवा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बस सेवा शुरू करने के लिए रेवेन्यू शेयरिंग मॉडल पर निविदाएं जारी की गई थीं, लेकिन टोडाभीम क्षेत्र सहित कुछ मार्गों पर ठेकेदार आगे नहीं आए। अब पुनः निविदा प्रक्रिया जारी है और ठेकेदार उपलब्ध होते ही सेवा फिर से शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि टोडाभीम क्षेत्र में निगम बस चालकों की निजी बस संचालकों से मिलीभगत के आरोपों की जांच कराई जाएगी।

मंत्री ने लिखित जवाब में बताया कि विधानसभा क्षेत्र टोडाभीम की 30 ग्राम पंचायतें वर्तमान में निगम बस सेवाओं से जुड़ी हैं, जबकि 43 ग्राम पंचायतें अभी वंचित हैं। परिवर्तित बजट 2024-25 की घोषणा के तहत 357 ग्रामीण मार्गों पर बस संचालन की योजना बनाई गई थी, लेकिन कुछ मार्गों पर निविदा प्रक्रिया में भागीदारी नहीं मिली।

डॉ. बैरवा ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद सरकार परिवहन सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि प्रदेश के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक भी बेहतर बस सुविधा पहुंचाई जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित