पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, 27 जून तक आंधी-बारिश का अलर्ट

 


जयपुर, 24 जून (हि.स.)। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान में आंधी और बारिश का दौर जारी है। बुधवार को जयपुर सहित प्रदेश के कई शहरों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बीकानेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में 25 से 27 जून तक मेघगर्जन, वज्रपात तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि आगामी 5 से 7 दिनों में मानसून के और अधिक सक्रिय होने तथा पूर्वी एवं मध्य भारत के अन्य हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले 24 घंटों में बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर और कोटा संभाग के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं जोधपुर और उदयपुर संभाग में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि पश्चिमी राजस्थान में 25 जून को कहीं-कहीं आंधी चल सकती है। वहीं जून के अंतिम दिनों में पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। जुलाई के प्रथम सप्ताह में राज्य के कई हिस्सों में वर्षा का दायरा और तीव्रता बढ़ने के संकेत हैं।

प्रदेश में बुधवार को पांच शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। श्रीगंगानगर 42.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। इसके अलावा फलौदी, चित्तौड़गढ़, बीकानेर और जैसलमेर का दिन का तापमान भी 40 डिग्री से ऊपर रहा। वहीं नागौर में न्यूनतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। जोधपुर, फलौदी, बीकानेर और पाली में भी रात का तापमान 30 डिग्री से अधिक रिकॉर्ड किया गया। मंगलवार को राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। सर्वाधिक 35 मिलीमीटर बारिश तिजारा में रिकॉर्ड की गई, जबकि न्यूनतम तापमान सिरोही में 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

राजधानी जयपुर में सुबह काले घने बादलों के बीच हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारिश के कारण कुछ स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में मौसम साफ हुआ और दिनभर धूप खिली रही। जयपुर का अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक राजधानी में भी रुक-रुक कर बारिश की संभावना बनी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश