निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

 


धौलपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर शुक्रवार को धौलपुर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में प्रदर्शन किया गया। विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने भारत निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए तथा मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया गया।

विरोध प्रदर्शन की अध्यक्षता करते हुए कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष साकेत बिहारी शर्मा ने कहा कि देश के निर्वाचन आयोग के भीतर से एक अत्यंत चौंकाने वाला और गंभीर खुलासा सामने आया है। पिछले 10 महीनों की अवधि में दो निर्वाचन आयुक्तों सुखवीर सिंह संधू और विवेक जोशी द्वारा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार द्वारा लिए गए कथित एकतरफा निर्णयों पर कम से कम 14 बार औपचारिक आपत्तियां दर्ज कराई जा चुकी हैं। परन्तु मुख्य चुनाव आयुक्त तानाशाही तरीके से लोकतंत्र का गला घोंट रहे हैं। ऐसे में उनके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करना चाहिए। विरोध प्रदर्शन में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव धर्मेंद्र शर्मा एवं अमित मुदगल,जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अविनाश शास्त्री, बाडी ब्लॉक अध्यक्ष रामेंद्र सिंह मीणा तथा एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव पंकज तिवारी सहित अन्य मौजूद रहे। संचालन जिला प्रवक्ता धनेश जैन ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप