निकाय चुनाव में मतदाताओं का उत्साह, फतहनगर-सनवाड़ में 88.91 फीसदी मतदान

 


उदयपुर, 9 सितम्बर (हि.स.)। उदयपुर जिले की वल्लभनगर, भींडर और फतहनगर-सनवाड़ नगरपालिकाओं में नगर निकाय चुनाव को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें लगी रहीं। शाम 6 बजे तक फतहनगर-सनवाड़ में सर्वाधिक 88.91 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। वहीं वल्लभनगर में 82.98 और भींडर में 81.92 फीसदी मतदान हुआ।

तीनों नगरपालिकाओं के 70 वार्डों में कुल 39,957 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे थे। वल्लभनगर नगरपालिका के 20 वार्डों में 67 प्रत्याशी, भींडर के 25 वार्डों में 58 प्रत्याशी और फतहनगर-सनवाड़ के 25 वार्डों में 65 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रहे।

मतदान शुरू होने के साथ ही युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं में भी उत्साह नजर आया। दोपहर एक बजे तक वल्लभनगर में 63.22 फीसदी और फतहनगर-सनवाड़ में 58.47 फीसदी मतदान हुआ था। इसके बाद मतदान प्रतिशत में तेजी आई और शाम तक तीनों निकायों में मतदान का आंकड़ा 80 फीसदी के पार पहुंच गया।

मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए। मतदान कार्य में 500 से अधिक कर्मचारी लगाए गए, जबकि सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 200 सुरक्षाकर्मी तैनात रहे। जिले के 31 संवेदनशील और 77 अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी गई।

उदयपुर संभाग के अन्य जिलों में भी निकाय चुनाव में मतदाताओं ने उत्साह दिखाया। बांसवाड़ा नगर परिषद में शाम 6 बजे तक 65.15 फीसदी, जबकि डूंगरपुर नगर परिषद में करीब 65 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। मतदान केंद्रों पर दिनभर बनी रही भीड़ ने निकाय चुनाव में मतदाताओं की मजबूत भागीदारी को दर्शाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता