नाथद्वारा में 50 क्विंटल चावल का अन्नकूट महाभोग, 353 साल पुरानी परंपरा के तहत लूटा प्रसाद
राजसमंद, 10 नवंबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध श्रीनाथजी मंदिर में पांच दिवसीय दीपोत्सव के तहत मंगलवार को गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव पारंपरिक श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। तिलकायत राकेश महाराज के सानिध्य में आयोजित उत्सव में प्रभु श्रीनाथजी को करीब 50 क्विंटल चावल का महाभोग अर्पित किया गया। रात को 353 वर्ष पुरानी अन्नकूट लूट (खेंखरा) की परंपरा निभाई गई। इसमें बड़ी संख्या में आदिवासी भील परिवारों के सदस्यों ने भाग लेकर महाप्रसाद ग्रहण किया।
अन्नकूट उत्सव के अवसर पर द्वितीय पीठ में विराजित युगल स्वरूप प्रभु विट्ठलनाथजी एवं निधि स्वरूप लाडले लालनजी को श्रीजी की हवेली में पधाराया गया। इसके बाद तिलकायत राकेश महाराज की आज्ञा से उनके पुत्र विशाल बावा ने गोबर से निर्मित गिरिराज पर्वत के स्वरूप का पूजन किया और आरती उतारी। नंद वंश की मुख्य गोमाता से गोबर के गोवर्धन को गूंदवाकर इस परंपरा का निर्वहन किया गया।
विशाल बावा ने अन्नकूट सेवकों के साथ प्रभु श्रीनाथजी की गिरिराज पर्वत के भाव से परिक्रमा की। इस दौरान उन्होंने ग्वाल-बालों को थापे लगाकर और उपरना ओढ़ाकर प्रेमपूर्वक विदाई दी। इससे पहले गोवर्धन पूजा के अवसर पर श्रीनाथजी की गौशाला से सैकड़ों गोमाताओं को हेड ग्वाल दिलीप गुर्जर के नेतृत्व में ग्वाल-बाल रिझाते हुए मंदिर तक लेकर पहुंचे। इस दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। शाम को गोवर्धन पूजा की गई, जिसमें नंद वंश की मुख्य गाय का पूजन किया गया।
मंदिर में रात नौ बजे अन्नकूट के दर्शन खुले। इसके बाद रात साढ़े दस बजे 353 वर्ष पुरानी अन्नकूट लूट की परंपरा शुरू हुई। रतन चौक और डोल तिबारी में मौजूद हजारों आदिवासी श्रद्धालुओं ने झोलियों में महाप्रसाद भरकर ग्रहण किया। यह परंपरा प्रभु श्रीनाथजी की ओर से अपने वनवासी और आदिवासी भक्तों पर कृपा के प्रतीक के रूप में निभाई जाती है।
अन्नकूट महोत्सव के दौरान कई श्रद्धालुओं को महाप्रसाद के दर्शन नहीं हो पाने से निराशा हुई। श्रद्धालुओं का कहना था कि वर्ष में एक बार होने वाले अन्नकूट महोत्सव में प्रभु के दर्शन के साथ महाभोग के दर्शन की भी विशेष अभिलाषा रहती है, लेकिन प्रसाद की लूट शुरू होने से पहले ही कई लोग इसके दर्शन नहीं कर सके।
इस संबंध में मंदिर मंडल के सदस्य समीर चौधरी ने बताया कि ठाकुरजी के क्रम को ध्यान में रखते हुए रात साढ़े दस बजे अन्नकूट लूट शुरू करवाई गई थी। उस दौरान श्रद्धालुओं को दर्शन हुए थे। ठाकुरजी की सेवा और परंपराओं के क्रम को ध्यान में रखते हुए कुछ व्यवस्थाएं इसी प्रकार संपादित करनी पड़ती हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Giriraj Soni