नवनियुक्त तकनीशियन-तृतीय अभ्यर्थियों के पदस्थापन आदेश जारी
जयपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने नवनियुक्त 587 तकनीशियन-तृतीय के प्रथम पदस्थापन आदेश जारी कर दिए हैं।
इन तकनीशियनों को इसी माह 21 अगस्त तक संबंधित अधीक्षण अभियंता के समक्ष कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
इससे पहले इन तकनीशियनों ने 27 जुलाई से 30 जुलाई तक आयोजित काउंसलिंग शिविर में अपनी वरीयता के अनुसार अधिसूचित रिक्त पदों में से पदस्थापन स्थल का चयन किया तथा काउंसलिंग समिति के समक्ष सहमति-पत्र प्रस्तुत किए।
काउंसलिंग समिति की अनुशंसा के आधार पर प्रबंध निदेशक आरती डोगरा के आदेशानुसार चयनित 587 अभ्यर्थियों के पदस्थापन आदेश जारी कर दिए गए हैं।
इन तकनीशियनों से निगम की वितरण व्यवस्था को और सुदृढ़, दक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण बनाया जा सकेगा। उपभोक्ताओं को त्वरित, विश्वसनीय एवं बेहतर गुणवत्ता की विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराने में इनसे महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित