नगर निकाय चुनाव: जयपुर में 9 और 11 सितंबर को वोटिंग, 21 सितंबर को चुने जाएंगे मेयर-अध्यक्ष
जयपुर, 19 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान में 309 नगरीय निकायों के चुनावों की बुधवार शाम घोषणा हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग दो चरणों में शहरों में चुनाव कराएगा। पहले चरण में 9 सितंबर और दूसरे चरण में 11 सितंबर को वोटिंग होगी और 14 सितंबर को रिजल्ट आएंगे। राजस्थान के इतिहास में पहली बार सभी नगरीय निकायों में एक साथ चुनाव हो रहे हैं।
गौरतलब है कि राज्य सरकार ने एक देश-एक चुनाव की तर्ज पर एक प्रदेश-एक चुनाव कराने की घोषणा की थी। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने कहा कि निकाय प्रमुखों का चुनाव 21 सितंबर को होगा, जबकि उपाध्यक्ष का चुनाव 22 सितंबर को होगा। इसी दिन नगर निगम, नगर परिषदों और नगरपालिकाओं की साधारण सभा की बैठक होगी, उसी बैठक में डिप्टी मेयर, उपसभापति, नगरपालिका उपाध्यक्ष के चुनाव होंगे। 309 शहरी निकायों में 10 नगर निगम, 51 नगर परिषद और 248 नगरपालिकाओं को मिलाकर 10,245 पार्षद पदों पर चुनाव होंगे। निकाय चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही सभी 309 शहरी निकायों में तत्काल प्रभाव से आचार संहिता लागू हो गई।
शेड्यूल के अनुसार जयपुर जिले में पहले चरण में 9 सितंबर को 2 नगर परिषद और 16 नगर पालिकाओं के लिए वोटिंग होगी। 11 सितंबर को जयपुर नगर निगम के 150 वार्ड के पार्षद के लिए मतदान होगा। सभी का चुनाव परिणाम 14 सितंबर को आएगा। वहीं मेयर का चुनाव 21 सितंबर को होगा। उप महापौर का चुनाव 22 सितंबर को होगा।
पार्षद जनता के वोट से चुने जाएंगे, जबकि मेयर–डिप्टी मेयर के लिए पार्षदों के बीच वोटिंग होगी। मेयर और डिप्टी मेयर का रिजल्ट वोटिंग के दिन ही घोषित हो जाएगा। राजस्थान में सबसे ज्यादा 24 लाख वोटर जयपुर शहर के अगले मेयर के लिए वोट देंगे। पार्षदों के लिए मतदान का समय सुबह 7 से शाम 6 बजे तक रहेगा। वहीं मेयर और डिप्टी मेयर के लिए वोटिंग समय सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक रहेगा
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश