धौलपुर में सतर्कता : क्षतिग्रस्त रपटों एवं पुलियों पर आवागमन रहेगा पूर्णतः बाधित
धौलपुर, 06 सितंबर (हि.स.) वर्तमान में धौलपुर जिले में विगत कई दिवसों से निरंतर वर्षा का दौर जारी है। जिसके कारण नदियों में पानी का जलस्तर बढ़ रहा है। बांधों में पानी की अत्यधिक आवक होने के कारण उनसे निरंतर अतिरिक्त पानी की निकासी की जा रही है। रविवार को जिले के सबसे बडे पार्वती बांध के सार गेट खोलकर पानी की निकासी शुरू की गई। जिसके चलते पार्वती नदी में पानी की आवक बढी है। इन हालात में कई इलाकों में पार्वती की नदी की रपट से पानी बह रहा था तथा वहां आवागमन बंद किया गया है।
जिला कलेक्टर श्रीनिधि बी टी ने बताया कि जिले में अत्यधिक वर्षा के कारण जिले में अवस्थित रपटों एवं पुलियों पर पानी का बहाव तेज हुआ है तथा कई क्षेत्रों में रपट व पुलिया क्षतिग्रस्त हुई है। आगामी दिवसों में और वर्षा की स्थिति होने पर प्रभावित स्थानों पर दुर्घटना की संभावना बन सकती है, जिसमें जनहानि, पशुहानि होने की पूर्ण आंशका है। उन्होंने बताया कि जिले में अवस्थित रपटों एवं पुलियां जिन पर जल प्रवाह हो रहा है उन पर तत्काल बांस बल्ली, बॉल्डर लगाया जाकर पूर्णतः आवागमन अवरुद्ध किया गया है। उन्होंने बताया कि आमजन की ऐसे स्थलों पर पूर्णतः आवाजाही को अवरुद्ध किया जाता है। आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
जिला कलक्टर ने बताया कि धौलपुर जिले की तहसील मनिया एवं राजाखेडा में पार्वती नदी, तहसील बाड़ी में बामनी नदी की रपटों पर आवागमन बाधित किया गया है। जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि भारी बारिश से बने हालातों के मद्देनजर धौलपुर पुलिस अलर्ट मोड पर है तथा नदी-रपटों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में पुलिस की लगातार निगरानी जारी है। पार्वती डैम के चार गेट खोलकर पार्वती नदी में की गई जल निकासी, सैंपऊ, कौलारी, मनियां एवं राजाखेड़ा क्षेत्रों सहित पूरे जिले में पुलिस की विशेष निगरानी की जा रही है। नदी की रपटों पर बैरीकेड लगाकर आवागमन बंद किया गया है। बताते चलें कि पार्वती बांध का जलस्तर 223.41 मीटर है,जबकि रविवार को वर्तमान गेज पहुंचा 223.05 मीटर दर्ज किया। पार्वती बांध के कैचमेंट एरिया में लगातार बारिश से बांध में पानी की आवक बढ़ने के चलते पार्वती बांध के गेट खोले गए हैं। रविवार को जल संसाधन विभाग द्वारा पार्वती बांध के 2 और गेट खोले गए हैं। अब पार्वती बांध के 4 गेट से पानी की निकासी की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप