धौलपुर में पंचायत चुनाव में लहराया कांग्रेस का परचम
धौलपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। पंचायत चुनाव में धौलपुर जिले में कांग्रेस का परचम लहराया है। कांग्रेस के जिला प्रमुख एवं उप जिला प्रमुख बनाने के बाद में अब जिले की अधिकतर पंचायत समितियों में भी कांग्रेस के प्रधान निर्वाचित हुए है। जिले की धौलपुर एवं सरमथुरा पंचायत समिति में कांग्रेस प्रत्याशी निर्विरोध रुप से प्रधान का चुनाव जीते हैं। वहीं,राजाखेडा और बसेडी में भी कांग्रेस ने जीत दर्ज की है।
धौलपुर जिले में चल रही पंचायत चुनाव की प्रक्रिया में शुक्रवार को प्रधान पद के निर्वाचन के दौरान धौलपुर जिले की 6 पंचायत समितियों में से 4 में कांग्रेस के प्रधान निर्वाचित हो गए है। इनमें धौलपुर पंचायत समिति में कांग्रेस के हेतराम कुशवाहा और सरमथुरा पंचायत समिति में कांग्रेस की मुस्कान कुशवाहा निर्विरोध प्रधान चुने गए हैं। धौलपुर जिले की राजाखेड़ा पंचायत समिति से लगातार चौथी बार कांग्रेस का प्रधान बना है। कांग्रेस प्रत्याशी पूनम सिकरवार राजाखेडा प्रधान पद पर निर्वाचित हुईं हैं। वहीं, जिले की बसेड़ी पंचायत समिति में कांग्रेस प्रत्याशी रीना तोमर प्रधान निर्वाचित हुईं हैं। वहीं, जिले की छह पंचायत समितियों में से सिर्फ दो सैपऊ एवं बाडी पंचायत समिति में भाजपा प्रत्याशी जीते हैं। इनमें सैपऊ में भाजपा की रचना कुशवाहा तथा बाडी में भाजपा की अनिल अंबेश प्रधान पर निर्वाचित हुई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप