धौलपुर में एक पेड़ एक शिक्षक अभियान के तहत वृक्षारोपण
धौलपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। अखिल भारतीय शैक्षिक महासंघ (स्कूल शिक्षा) के तत्वावधान में स्थानीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय धौलपुर के परिसर में सोमवार को पौधारोपण तथा मेरा विद्यालय मेरा तीर्थ कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संगठन के प्रदेश महामंत्री महेंद्र कुमार लखारा एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में भरतपुर संभाग उपाध्यक्ष राम नरेश राठौर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महासंघ के जिला मंत्री पुरुषोत्तम शर्मा द्वारा की गई।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में परिसर को हरा-भरा और पर्यावरण-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से ''एक पेड़ एक शिक्षक'' अभियान के तहत अतिथियों द्वारा विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया। आज ही शैक्षिक कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसका मुख्य विषय संगठन का राष्ट्रव्यापी शिक्षण अभियान ''मेरा विद्यालय मेरा तीर्थ'' रहा। कार्यशाला को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने शिक्षा की गुणवत्ता, संस्कारों के बीजारोपण और शिक्षकों के सामाजिक दायित्वों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस दौरान विद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए एक आदर्श अनुशासन की स्थापना करने तथा प्रतिदिन की प्रार्थना सभा को और अधिक प्रभावी व ऊर्जावान बनाने पर विशेष बल दिया गया। वक्ताओं ने वर्तमान परिप्रेक्ष्य में विद्यार्थियों के भीतर नैतिक मूल्यों, देशप्रेम और संस्कारों को पोषित करने के लिए शिक्षकों से अपनी महती भूमिका का निर्वहन करने का आह्वान किया। इसके साथ ही संगठन द्वारा समाज, राष्ट्र और शिक्षा व्यवस्था के प्रति शिक्षकों के उत्तरदायित्वों को रेखांकित करते हुए विद्यालय को वास्तव में एक ''तीर्थ'' के रूप में विकसित करने की बात कही गई। संचालन डॉ. बृजभूषण शर्मा द्वारा किया गया। आयोजन में जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक सुक्खो देवी,मुख्य ब्लाक शिक्षा अधिकारी महेश कुमार शर्मा तथा सामाजिक कार्यकर्ता अनुराग शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप