धूमधाम से मनाई महावीर जयंती, शोभायात्रा निकाली
जोधपुर, 31 मार्च (हि.स.)। भारतीय धार्मिक परम्परा व अहिंसा के अवतार श्रमण भगवान महावीर स्वामी की जयंती मंगलवार को शहरभर में धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर यहां कई धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। श्री महावीर जैन नवयुवक मंडल एवं भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव समिति के तत्वावधान में भगवान महावीर स्वामी की शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में जैन धर्म एवं भगवान महावीर और उनके आदर्शों से ओत-प्रोत झांकियां आकर्षण का केंद्र रही।
श्री महावीर जैन नवयुवक मण्डल एवं भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव समिति के तत्वावधान में भगवान महावीर स्वामी के 2625वें जन्मकल्याणक महोत्सव के उपलक्ष में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में मंगलवार को शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा सुबह पूजा अर्चना के बाद फतेहपोल से प्रारंभ हुई। शोभायात्रा नवचौकिया, खाण्डाफलसा, जालोरीगेट, मेडिकल मार्केट, एमजीएच रोड, दिगंबर जैन मंदिर, स्टेशन रोड, सोजती गेट, महावीर मार्केट, त्रिपोलिया बाजार, कन्दोई बाजार, कटला बाजार, कपडा बाजार, सिरे बाजार होते हुए जूनी धानमण्डी स्थित महावीर स्वामी के मंदिर पर पहुंचकर विसर्जित हुई। शोभायात्रा में विभिन्न क्षेत्रों भैरूबाग, प्रतापनगर, गुरों का तालाब, महिलाबाग, शांतिपुरा, महामंदिर, चौपासनी हाउसिंग बोर्ड, कुडी भगतासनी, भगत की कोठी, बाड़मेर भवन, मूथाजी मंदिर नागौरी गेट, पावटा, यूआईटी आदि क्षेत्र की उप शोभायात्राएं जालोरी गेट एवं सोजती गेट से सम्मिलित हुई।
शोभायात्रा के माध्यम से भगवान महावीर के अहिंसा-करुणा का संदेश घर-घर पहुंचाया गया। शोभायात्रा में 24 तीर्थंकर और उनके आदर्शो के अलावा अन्य धार्मिक, सामाजिक आदि करीब सौ से अधिक झांकियां शामिल हुईं। विभिन्न बैंड, भजन मण्डलियां पूरे रास्ते स्वर लहरियां बिखेरते हुए चल रही थी। शोभायात्रा में शामिल झांकियों ने शहरवासियों का मन मोह लिया। कोई महावीर स्वामी तो कोई राधा-कृष्ण बना हुआ था। इसके साथ ही राम दरबार, शिव-पार्वती, भगवान विष्णु सहित कई देवी-देवताओं की झांकियां थी। शोभायात्रा में छोटे-छोटे बच्चे भगवान महावीर के सिद्धान्तों की तख्तियां लिए हुए जय-जयकार के नारे गुंजायमान कर रहे थे।
शोभायात्रा का कई स्थानों पर स्वागत किया गया। कई संस्था-संगठनों, मौहल्ला विकास समिति और व्यापारी संगठनों की तरफ से शोभायात्रा में शामिल लोगों के लिए ठंडे पानी, शिकंजी, आइसक्रीम, कचौरी, छाछ, शर्बत आदि का इंतजाम किया गया था। कई स्थानों पर शोभायात्रा के आयोजकों का स्वागत किया गया। समिति पदाधिकारियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। शोभायात्रा में जनप्रतिनिधियों ने भगवान महावीर की पूजा अर्चना की। इस दौरान उनका समिति के पदाधिकारियों ने स्वागत भी किया।
तीर्थंकर महावीर के 2625वें जन्म कल्याणक महोत्सव के उपलक्ष में भगवान महावीर जन्म महोत्सव प्रसादी समिति द्वारा महावीर प्रसादी एवं नवकार महामंत्र जाप का आयोजन मंगलवार दोपहर प्रतापनगर गुरों का तालाब रोड स्थित आदर्श विद्या मंदिर विद्यालय के केशव परिसर प्रांगण में रखा गया जिमसें समाज के हजारों स्वजाति बंधुओं ने प्रसादी ग्रहण की। प्रसादी में आगन्तुकों का स्वागत तिलक लगाकर किया गया। महावीर प्रसादी में अन्न की बर्बादी रोकने और जूठन मुक्त परिसर सुनिश्चित करने हेतु विशेष व्यवस्था की गई थी।
पांच अप्रैल को कार्यक्रमों का समापन व सम्मान समारोह पाल रोड उद्यान अपार्टमेंट के पास स्थित खरतरगच्छ जैन सेवा ट्रस्ट प्रांगण में आयोजित किया जाएगा जिसमें शोभा यात्रा में भाग लेने वाली सभी संस्थाओं को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
श्री नवकार जैन सोसायटी पाल रोड के तत्वावधान में भगवान महावीर स्वामी जन्म कल्याणक के पावन अवसर पर प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला। विनायकिया ने बताया कि सुबह प्रभात फेरी की शुरुआत साईं धाम मंदिर, पाल रोड से हुई। यह यात्रा पीपली चौराहा और नहर रोड होते हुए जैन मंदिर, मुनिसुव्रत जैन मंदिर से गुजरकर मंगल आराधना भवन, हाउसिंग बोर्ड में सम्पन्न हुई। इस अवसर पर सोसाइटी अध्यक्ष गौपालराज भंडारी, गौतम सिंघवी, महेंद्र मेहता सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। नवकारसी का लाभ श्रावक पंकज सिंघवी द्वारा लिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश