द्रव्यवती नदी पर बनेंगी चार नई पुलियाएं, 40 हजार से अधिक वाहनों को मिलेगा लाभ
जयपुर, 14 जून (हि.स.)। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने शहर में यातायात दबाव कम करने और आवागमन सुगम बनाने के लिए द्रव्यवती नदी पर चार नई पुलियाओं (कल्वर्ट) के निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है। परियोजना पर करीब 16.67 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके पूरा होने पर लगभग 60 कॉलोनियों के 40 हजार से अधिक वाहनों और हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। जेडीए ने आतिश मार्केट क्षेत्र से निर्माण कार्य का शुभारंभ किया है।
अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) तरुण सिंघल ने बताया कि चारों पुलियाओं का निर्माण कार्य दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इनके निर्माण से लोगों को द्रव्यवती नदी पार करने के लिए लगने वाले 2.5 से 4 किलोमीटर तक के अतिरिक्त चक्कर से राहत मिलेगी।
कटेवा नगर क्षेत्र में बनने वाली पुलिया न्यू सांगानेर रोड और गोविंद मार्ग को पंडित टी.एम. कृष्ण मार्ग से जोड़ेगी। इससे आसपास की 10 से 15 कॉलोनियों के करीब 10 हजार से अधिक लोगों को लाभ मिलेगा। वर्तमान में लोगों को 2 से 3 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है।
देवरी एसटीपी के समीप प्रस्तावित पुलिया शिप्रा पथ रोड को बृहस्पतिधाम मंदिर और जगन्नाथपुरी क्षेत्र से जोड़ेगी। इसके निर्माण से लगभग 30 कॉलोनियों के 9 हजार से अधिक लोगों की आवाजाही आसान होगी। साथ ही दुर्गापुरा होकर लगने वाला 3 से 4 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर भी समाप्त होगा। न्यू आतिश मार्केट में बनने वाली पुलिया गुर्जर की थड़ी और शांति मार्ग क्षेत्र को शिप्रा रोड तथा आतिश मार्केट रोड से जोड़ेगी। इससे प्रतिदिन बाजार आने-जाने वाले लोगों के साथ क्षेत्र की करीब 15 हजार आबादी को लाभ मिलेगा।
रीको एसटीपी, सांगानेर के पास बनने वाली पुलिया तरुछाया नगर और सांगासेतु क्षेत्र के बीच संपर्क स्थापित करेगी। यह दोनों ओर की 30-30 फीट चौड़ी सड़कों को जोड़ेगी। इसके निर्माण से सांगानेर और आसपास की 30 से 40 कॉलोनियों के निवासियों को लाभ मिलेगा तथा 2 से 2.5 किलोमीटर तक की अतिरिक्त दूरी कम होगी। जेडीए के अनुसार इन पुलियाओं के निर्माण से शहर में यातायात का दबाव कम होगा, आवागमन सुगम बनेगा और विभिन्न आवासीय क्षेत्रों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित हो सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश