देशभक्ति के रंग में रंगा ग्रामीण हाट, स्थानीय उत्पादों और लोक संस्कृति ने बढ़ाई मेले की रौनक

 


बीकानेर, 11 अगस्त (हि.स.)। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिले में जनभागीदारी के साथ विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को ग्रामीण हाट परिसर में दो दिवसीय ‘तिरंगा प्रदर्शनी एवं मेले’ का आयोजन शुरू हुआ। जिला कलेक्टर निशान्त जैन एवं सुमन छाजेड़ ने फीता काटकर मेले एवं प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर जिला कलेक्टर निशान्त जैन ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने आमजन से अभियान में उत्साहपूर्वक भागीदारी करने, अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने तथा अभियान के तहत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में अधिकाधिक सहभागिता का आह्वान किया।

ग्रामीण हाट परिसर को तिरंगे की थीम पर आकर्षक ढंग से सजाया गया। प्रदर्शनी में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे से जुड़ी विभिन्न जानकारियों एवं राष्ट्रभक्ति से संबंधित सामग्री प्रदर्शित की गई। वहीं चरखे से ऊन कातने की प्रक्रिया का जीवंत प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र रहा। मेले में स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प एवं अन्य सामग्री के विभिन्न स्टॉल लगाए गए। इससे आगंतुकों को स्थानीय उत्पादों को देखने और खरीदने का अवसर मिला। प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व, सम्मान एवं गरिमा के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा भगवान गणेश के पूजन के साथ हुई। इसके पश्चात मेला स्थल पर लोक कलाकारों ने लोक गायन एवं लोक संगीत की शानदार प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने आयोजन में राजस्थानी लोक संस्कृति और राष्ट्रभक्ति का अनूठा रंग भर दिया।आयोजन स्थल पर पूरे दिन तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति का वातावरण बना रहा। उपस्थित लोगों ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा अधिकाधिक लोगों को अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया।

नगर निगम, जिला परिषद, उद्योग विभाग, महिला अधिकारिता एवं राजीविका सहित विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मेले में जिला परिषद सीईओ शैलजा पांडेय, उद्योग विभाग की महाप्रबंधक मंजू नैण गोदारा, नगर निगम के निदेशक वित्त धीरज जोशी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक एलडी पंवार, महिला अधिकारिता की उपनिदेशक अनुराधा सक्सेना, राजीविका के डीपीएम दिनेश कुमार मिश्रा, जिला परिषद के आईईसी कॉर्डिनेटर गोपाल जोशी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव