दीपावली पर पटाखा बिक्री के अस्थाई लाइसेंस के आवेदन 22 सितंबर तक
जयपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। दीपावली पर्व को देखते हुए जयपुर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में आतिशबाजी बिक्री के लिए अस्थाई अनुज्ञा पत्र (लाइसेंस) जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अस्थाई लाइसेंस 12 अक्टूबर से 11 नवंबर 2026 तक प्रभावी रहेंगे। इच्छुक आवेदक 22 सितंबर 2026 तक आवेदन जमा करा सकेंगे।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (लाइसेंसिंग एवं लीगल) बृजेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि निर्धारित प्रपत्र में आवेदन संबंधित पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) कार्यालय में किसी भी कार्यदिवस को कार्यालय समय में जमा कराया जा सकता है।
आवेदन के साथ चार प्रतियों में ब्लू प्रिंट नक्शा प्रस्तुत करना होगा। नक्शे में प्रस्तावित दुकान/स्थल के आसपास के परिसर और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की स्थिति स्पष्ट रूप से अंकित करनी होगी। इसके अलावा आवेदक की चार नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो, दुकान/स्थल की स्पष्ट रंगीन फोटो और प्रस्तावित स्थल के स्वामित्व संबंधी दस्तावेजों की प्रमाणित छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य है।
पुलिस कमिश्नरेट ने सुरक्षा को लेकर स्पष्ट किया है कि प्रस्तावित पटाखा दुकान के ऊपर आवासीय भवन या मानव निवास नहीं होना चाहिए। निर्धारित सुरक्षा मापदंड पूरे नहीं करने वाले अथवा नियमों का उल्लंघन करने वाले आवेदनों को निरस्त कर दिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश