दीपावली पर अस्पताल रहेंगे अलर्ट: बर्न यूनिट में दवाइयों से लेकर उपचार तक की व्यवस्था दुरुस्त, आपातकालीन स्टाफ की छुट्टियां रद्द

 




जयपुर, 07 नवंबर (हि.स.)। दीपावली पर पटाखों से होने वाली दुर्घटनाओं और आगजनी की आशंका को देखते हुए राजस्थान में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में आपातकालीन सेवाओं और बर्न यूनिट को पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं से जुड़े चिकित्सकों और अन्य चिकित्सा कर्मियों के अवकाश निरस्त कर ड्यूटी पर उपलब्ध रहने को कहा गया है।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दीपावली के दौरान पटाखों से जलने, आगजनी और अन्य हादसों की स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध हो। इसके लिए अस्पतालों की बर्न यूनिट में जरूरी दवाइयां, संसाधन और उपचार सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखी जाएं।

चिकित्सा मंत्री ने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्पतालों में आवश्यक स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित की जाए।

आपातकालीन सेवाओं से जुड़े चिकित्सक और अन्य चिकित्सा कर्मी अपनी ड्यूटी पर मौजूद रहें, ताकि मरीजों को उपचार के लिए इंतजार न करना पड़े।

उन्होंने अधिकारियों को अस्पतालों में व्यवस्थाओं की निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि त्योहार के दौरान आमजन को बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। आपातकालीन सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित