दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं: बालकनी की रेलिंग पर चढ़े ढाई साल के बच्चा, गिरने से मौत
कोटा, 07 नवंबर (हि.स.)। धनतेरस की रात एक परिवार के लिए खुशियां मातम में बदल गईं। महावीर नगर एक्सटेंशन स्कीम में बालकनी से गिरने से ढाई साल के बच्चे की मौत हो गई। बच्चा खेलते समय बालकनी की रेलिंग पर चढ़कर नीचे देखने लगा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया।
परिजनों के अनुसार शुक्रवार रात हर्षित गौतम का ढाई साल का बेटा अर्णित उर्फ शिवाय घर की बालकनी में खेल रहा था। इसी दौरान उसकी मां दीपावली के लिए घर में दीये जला रही थी। खेलते-खेलते बच्चा बालकनी की रेलिंग पर चढ़ गया और नीचे देखने लगा। अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया।
बच्चे के गिरने के बाद उसकी रोने की आवाज सुनकर मां और परिवार के अन्य सदस्य दौड़कर पहुंचे। परिजन उसे तत्काल कॉमर्स कॉलेज चौराहे स्थित निजी अस्पताल लेकर गए।
डॉक्टरों ने बच्चे को बचाने के लिए करीब तीन घंटे तक इलाज किया, लेकिन देर रात करीब 12 बजे उसने दम तोड़ दिया।
बच्चे के पिता हर्षित गौतम पेशे से वकील हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। अर्णित की एक बड़ी बहन भी है। हादसे की खबर से परिवार में दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित