दाे साै बीस किलो वजनी महिला की सफल बेरियाट्रिक सर्जरी की

 


जयपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। सोनीपत निवासी 220 किलो वजन की महिला बेबी रानी की जयपुर के एपेक्स हॉस्पिटल में सफल बेरियाट्रिक सर्जरी की गई। अत्यधिक वजन के कारण उन्हें चलने-फिरने, सांस लेने और रोजमर्रा के काम करने में काफी परेशानी हो रही थी। परिजन उन्हें उपचार के लिए जयपुर लेकर पहुंचे, जहां रोबोटिक एवं बेरियाट्रिक सर्जन डॉ. रजनीश ने उनकी लेप्रोस्कोपिक बेरियाट्रिक सर्जरी की। करीब ढाई घंटे चली सर्जरी के बाद महिला की स्थिति में सुधार हुआ और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

डॉ. रजनीश ने बताया कि दूरबीन तकनीक से की गई इस सर्जरी में पेट का आकार अंदर से छोटा किया जाता है। इससे मरीज को कम भोजन करने पर भी पेट भरा हुआ महसूस होता है और धीरे-धीरे वजन कम होने लगता है। उन्होंने बताया कि जिन लोगों का बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई) 35 से अधिक है और वे मधुमेह से पीड़ित हैं, उनके लिए बेरियाट्रिक सर्जरी लाभकारी हो सकती है। इससे वजन कम करने के साथ मधुमेह और सांस संबंधी परेशानियों में भी सुधार हो सकता है।

उन्होंने बताया कि सर्जरी के बाद शुरुआती 15 दिनों तक मरीज को तरल आहार दिया जाता है। इसके बाद धीरे-धीरे सामान्य भोजन शुरू कराया जाता है। सर्जरी के बाद पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए विटामिन लेने की आवश्यकता होती है। चिकित्सकों के अनुसार, निर्धारित खानपान और नियमित फॉलोअप से मरीज धीरे-धीरे सामान्य दिनचर्या में लौट सकता है।

बेबी रानी और उनके परिजनों ने सफल सर्जरी के लिए एपेक्स हॉस्पिटल के चिकित्सकों और पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश