दस प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर घुमंतु-अर्ध घुमंतु जातियों का महापड़ाव कल
जयपुर, 30 जून (हि.स.)। घुमंतु और अर्ध घुमंतु जातियों को 10 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने की मांग को लेकर डीएनटी समाज ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान करते हुए आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। मांगों के समर्थन में एक जुलाई को विद्याधर नगर स्टेडियम में महापड़ाव आयोजित किया जाएगा।
पशुपालन संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालजी राइका ने सोमवार को कहा कि घुमंतु और अर्ध घुमंतु जातियां प्रदेश की बड़ी आबादी का प्रतिनिधित्व करती हैं। उनका दावा है कि इन समुदायों की आबादी प्रदेश में करीब 15 प्रतिशत है, लेकिन आज भी समाज के लोग स्थायी आवास, पहचान और बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि समाज पिछले दो वर्षों से विभिन्न चरणों में आंदोलन कर रहा है। इसके तहत पाली में 32 घंटे तक दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे जाम किया गया था, जबकि 11 मई 2026 को जैसलमेर से जेल भरो आंदोलन भी शुरू किया गया था।
लालजी राइका ने कहा कि यदि सरकार ने मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो पहले शहीद स्मारक पर बड़ी सभा आयोजित की जाएगी और इसके बाद मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार डीएनटी समाज की मांगों को लेकर गंभीर नहीं है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव के साथ हुई वार्ता में कोई ठोस निर्णय नहीं निकल सका। साथ ही मंत्री स्तर पर वार्ता नहीं होने से समाज में नाराजगी है।
डीएनटी समाज की प्रमुख मांग अनुसूचित जाति वर्ग की जातियों के लिए तीन प्रतिशत तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए सात प्रतिशत आरक्षण सहित कुल 10 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करने की है। समाज ने स्पष्ट किया है कि अब वार्ता केवल मुख्यमंत्री स्तर पर ही स्वीकार की जाएगी और नौकरशाही स्तर की बातचीत को मान्यता नहीं दी जाएगी।
महापड़ाव को लेकर प्रशासन भी सतर्क है। आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश