थाने में लगी जन चौपाल: पुलिस कमिश्नर ने आमजन की पीड़ा सुन दिए निस्तारण के निर्देश

 


जयपुर, 20 जून (हि.स.)। जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने शनिवार को जामडोली थाने में जनसुनवाई कर आमजन की परिवेदनाएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान कई परिवादियों को मौके पर ही राहत प्रदान की गई।

आदर्श नगर सर्किल के जवाहर नगर, आदर्श नगर, ट्रांसपोर्ट नगर एवं जामडोली थाना क्षेत्रों से आए परिवादियों ने अपनी परिवेदनाएं सीधे पुलिस कमिश्नर के समक्ष रखीं। कई मामलों में मौके पर ही राहत प्रदान की गई, जबकि अन्य प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पुलिस कमिश्नर मित्तल ने कहा कि आमजन को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने और पुलिस-जन संवाद को और अधिक सशक्त करने के लिए थाना स्तर पर नियमित जनसुनवाई आयोजित की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक परिवाद पर संवेदनशीलता और गंभीरता से कार्रवाई करते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान क्षेत्र में आपसी मुकदमें, पारिवारिक विवाद, जमीनी विवाद, मकानों पर कब्जे, अवैध कब्जे, चोरी, मारपीट सहित अन्य शिकायतें प्राप्त हुई। उन्होंने बताया कि सभी प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई करते हुए निर्धारित समयावधि में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर विशेष कमिश्नर आयुक्त (ऑपरेशंस) ओमप्रकाश, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (अपराध) अजय सिंह, पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा सहित संबंधित थाना अधिकारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व जयपुर पुलिस कमिश्नर द्वारा एसीपी कार्यालय झोटवाड़ा, सामुदायिक भवन सांगानेर, पुलिस थाना शिप्रापथ, विद्याधर नगर, भांकरोटा, बस्सी, शिवदासपुरा, चौमूं,आमेर, रामगंज, चित्रकूट एवं मालवीय नगर में जनसुनवाई कर परिवादियों को राहत प्रदान की जा चुकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश