तीन दिवसीय जोधपुर बाल महोत्सव दिसंबर में
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने किया पोस्टर का विमोचन
जोधपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। दिसंबर माह में जोधपुर में तीन दिवसीय जोधपुर बाल महोत्सव आयोजित होने जा रहा है। डिजिटल बाल मेला और फ्यूचर सोसाइटी द्वारा आयोजित और कॉग्निवेरा द्वारा प्रायोजित प्रस्तावित इस महोत्सव में राजस्थान के सभी 41 जिलों के बच्चे शामिल होंगे। महोत्सव के माध्यम से बच्चे अपने-अपने जिले की संस्कृति, परंपरा, पर्यटन, हस्तशिल्प, लोक कला, व्यंजन और ऐसी अनूठी पहचान को सामने रखेंगे, जो अब तक पर्यटन की बड़ी तस्वीर में अपेक्षित स्थान नहीं बना पाई है।
महोत्सव के पोस्टर का विमोचन केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने किया। इस अवसर पर फ्यूचर सोसाइटी की सचिव डॉ. मीना शर्मा और प्रोजेक्ट हेड दीपक शर्मा ने उनसे मुलाकात कर जयपुर में आयोजित बाल मेला की सफलता और जोधपुर बाल महोत्सव के प्रस्तावित कार्यक्रम एवं नए विचारों पर चर्चा की। पोस्टर विमोचन के अवसर पर केंद्रीय पर्यटन मंत्री ने बच्चों से कहा कि दिसंबर में जोधपुर में आयोजित होने वाला डिजिटल बाल मेला बच्चों को राजस्थान की विविधता से रूबरू कराने के साथ उन्हें अपनी विरासत और जड़ों से जोडऩे का अवसर देगा।
महोत्सव में प्रदेश के सभी जिलों की संस्कृति, परंपराओं, पर्यटन स्थलों और स्थानीय विशेषताओं की झलक देखने को मिलेगी। बच्चों के लिए यह आयोजन सीखने और नई चीजों को जानने के साथ-साथ खूब मस्ती और उत्साह का भी अवसर होगा। कॉग्निवेरा के सीईओ कमलेश शर्मा ने कहा इस अनूठे आयोजन में राजस्थान के सभी जिलों की झांकी देखने को मिलेगी। महोत्सव में सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले जिले को 50,000 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं विजेता जिले के 100 बच्चों को जोधपुर भ्रमण का अवसर भी मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश