तीन छात्राओं का राष्ट्रीय छात्रवृत्ति योजना में चयन
जोधपुर, 09 जून (हि.स.)। शिक्षा के क्षेत्र में राजकीय विद्यालयों की बढ़ती गुणवत्ता को साबित करते हुए महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (अंग्रेजी माध्यम) माता का थान की तीन छात्राओं ने राष्ट्रीय स्तर की छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएस) में चयन होकर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या जया पुरोहित ने बताया कि इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय छात्रवृत्ति परीक्षा में विद्यालय की पूजा चौधरी ने 148 अंक, साक्षी परिहार ने 134 अंक और हेमेंद्र कंवर पुत्री महावीर सिंह ने 115 अंकों के साथ सफलता हासिल की है। प्रधानाचार्या ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की इस कल्याणकारी योजना के तहत चयनित छात्राओं को आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए आगामी चार वर्षों तक प्रतिवर्ष 12 हजार रुपए की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। प्रधानाचार्या ने कहा कि वर्ष 2024 से लेकर अब तक इस विद्यालय से कुल पांच विद्यार्थियों का चयन एनएमएमएस योजना में हो चुका है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश