तबादला आदेशों की अवहेलना पर यूडीएच विभाग सख्त, 19 इंजीनियरों को कारण बताओ नोटिस
जयपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। नगरीय विकास एवं आवासन (यूडीएच) विभाग ने तबादला आदेशों की अवहेलना करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। विभाग ने पांच अधिशाषी अभियंताओं, सात सहायक अभियंताओं और सात कनिष्ठ अभियंताओं सहित कुल 19 अभियंताओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए हैं।
शासन उप सचिव (तृतीय) डॉ. राष्ट्रदीप यादव द्वारा जारी आदेश के अनुसार 10 जुलाई को जारी तबादला सूची के बावजूद संबंधित अधिकारियों ने अपने नवीन पदस्थापन स्थल पर कार्यग्रहण नहीं किया। विभाग ने इसे शासकीय आदेशों की अवहेलना तथा कर्तव्य के प्रति उदासीनता माना है।
विभाग के अनुसार नोटिस प्राप्त होने के तीन दिन के भीतर अधिकारियों को अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के साथ ही नवीन पदस्थापन स्थल पर कार्यग्रहण कर उसकी रिपोर्ट भेजनी होगी। निर्धारित अवधि में अनुपालन नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
नोटिस प्राप्त करने वाले अधिशाषी अभियंताओं में प्रशांत चास्टा, पवन कुमार, रामप्रसाद जाट, मोहम्मद शोएब खान तथा जगदीश शर्मा शामिल हैं।
सहायक अभियंताओं में रोहिल कुमार पालीवाल, अतीक अहमद, ललित कुमार मीणा, पवन कुमार जीनगर, अंकित गुप्ता, दिनेश कुमार तथा कमलेश जैन को नोटिस जारी किया गया है।
कनिष्ठ अभियंताओं में विमल माहेश्वरी, दुर्गेश कुमार पारीक, गजानंद रोहिल, टीकम चंद, रोहिताश जाटव, अरुण कुमार तथा किशोर ईसरानी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश