डॉग्स बाइट्स की घटनाओं पर लगाने की दिशा में निगम की पहल, श्वानों के रजिस्ट्रेशन के लिए निगम दाे माह तक चलाएगा अभियान

 


जयपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। शहर में लगातार बढ़ रही डॉग्स बाइट्स की घटनाओं पर लगाम लगाने की दिशा में निगम लगातार काम कर रहा है। इसी क्रम में निगम पालतू श्वानों के रजिस्ट्रेशन को लेकर 60 दिन अभियान चलाएगा। इस अभियान की शुरूआत में फ्रेंडशिप डे को निगम दुर्गापुरा में कैम्प लगाएगा। यहां पर आने वाले कुत्तों का रजिस्ट्रेशन, वैक्सीनेशन और चिप फ्री में लगाया जाएगा। निगम 2 अगस्त को कैम्प में रजिस्ट्रेशन, टीकाकरण सहित अन्य का वल्र्ड रिकॉर्ड बनाने की योजना पर काम कर रहा है। यह कैम्प दुर्गापुरा में आयोजित किया जाएगा। निगम की तरफ से कैम्प को लेकर टेंट सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएगी। इस कैम्प के लिए निगम कई एनजीओ सहित अन्य संस्थाओं का सहयोग लेगा।

निगम आयुक्त ओम कसेरा ने बताया कि श्वानों के रजिस्ट्रेशन को लेकर 1 अगस्त से अभियान चलाया जाएगा जो कि 30 सितम्बर तक चलेगा। रजिस्ट्रेशन उन्हीं श्वानों का होगा जिनका रेबीज सहित अन्य टीकाकरण हो चुका है। शहर को रेबीज फ्री करने की दिशा में निगम ऐसा कदम उठा रहा है। डॉग्स के व्यापार करने वाली दुकानदारों को लेना होगा लाइसेंस शहर में अलग-अलग जगहों पर डॉग्स सहित अन्य पेट्स के खरीद बेचान का कारोबार चल रहा है। इन पेट शॉप्स वालों को कारोबार के लिए निगम से अब लाइसेंस लेना होगा। इसको लेकर जल्द ही गाइडलाइन जारी की जाएगी। विशेष बात यह है कि दुकानदार अब बिना रजिस्ट्रेशन और वैक्सीनेशन के डॉग्स सहित अन्य पेट्स नहीं बेच पाएंगे। इसके लिए निगम सभी ऐसे कारोबारियों को पाबंद करेगा। नियमों की अवहेलना करने वाले दुकानदारों के खिलाफ निगम कार्रवाई करेगा।

निगम अपनी वेबसाइड को अपडेट कर रहा है। इसमें एक अलग से श्वानों के रजिस्ट्रेशन को लेकर एक एप जोड़ा जाएगा। इसके माध्यम से आमजन ऑनलाइन लाइव आकर अपने श्वान का रजिस्ट्रेशन करवा सकेगा। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में श्वान मालिक का 2 से 5 मिनट का समय लगेगा। बताया जा रहा है कि वर्तमान में शहर में करीब 50 हजार से अधिक श्वान है। शहर में हर साल 15 से 20 हजार नए स्ट्रीट डॉग्स जन्म ले रहे है। स्ट्रीट डॉग्स को गोद देने के कॉन्सेप्ट पर काम करेगा निगम स्ट्रीट डॉग्स को गोद देने के कॉन्सेप्ट पर नगर निगम काम करेगा। इसके लिए आगामी समय में निगम नया एक्शन प्लान तैयार करेगा। निगम आमजन को स्ट्रीट डॉग्स के भोजन सहित अन्य सुरक्षा के लिए प्रेरित करने को लेकर एनजीओ सहित अन्य संस्थाओं के साथ काम करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश