डॉक्टर्स डे पर स्वास्थ्य मंत्री खींवसर ने चिकित्सकों को दी शुभकामनाएं
जयपुर, 30 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे (एक जुलाई) की पूर्व संध्या पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने प्रदेश के सभी चिकित्सकों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी है।
खींवसर ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेशवासियों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस दिशा में चिकित्सकों की प्रतिबद्धता और सेवा भावना सबसे बड़ी शक्ति है। सरकार चिकित्सा ढांचे के सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ चिकित्सकों के लिए बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के लिए भी सतत प्रयासरत है।
चिकित्सा मंत्री ने अपने संदेश में कहा कि चिकित्सक केवल रोगों का उपचार ही नहीं करते, बल्कि अपने ज्ञान, सेवा, संवेदनशीलता और समर्पण से लोगों के जीवन में नई आशा का संचार करते हैं। मानव जीवन की रक्षा और स्वस्थ समाज के निर्माण में डॉक्टरों की भूमिका अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों, प्राकृतिक आपदाओं, महामारी तथा अन्य स्वास्थ्य चुनौतियों के दौरान चिकित्सकों ने अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए अद्वितीय सेवा का परिचय दिया है। उन्होंने राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर सभी चिकित्सकों के उत्तम स्वास्थ्य, सुखद एवं सफल जीवन की कामना करते हुए कहा कि उनकी नि:स्वार्थ सेवा सदैव समाज को प्रेरित करती रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारीक