डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी को पुण्यतिथि पर किया याद
जोधपुर, 23 जून (हि.स.)। जनसंघ के संस्थापक, चिन्तक एवं शिक्षाविद् डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि मंगलवार को भाजपा द्वारा श्रद्धापूर्वक मनाई गई। भाजपा के शहर जिलाध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल व देहात दक्षिण के जिलाध्यक्ष त्रिभुवन सिंह भाटी के नेतृत्व में मानजी का हत्था पावटा स्थित डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी पार्क में भाजपा पदाधिकारी, मोर्चा, मण्डलों व वरिष्ठ कार्यकर्ताओं द्वारा उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई।
भाजपा के संभाग मीडिया संयोजक जगदीश धाणदिया ने बताया कि डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर भाजपा की तरफ से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर शहर विधायक अतुल भंसाली व सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी सहित अन्य भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा को नमन करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए। भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं से डॉ. मुखर्जी के सिद्धांतों पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने डॉ. मुखर्जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉ. मुखर्जी द्वारा जनसंघ के समय जो पौधा रूपी बीज बोया वह आज भाजपा के रूप में विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। अब डॉ. मुखर्जी के आदर्शों व सिद्धांतों पर चलकर देश को आगे बढ़ाना है।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय व डॉ. मुखर्जी अमर रहे के नारे लगाए। वहीं भारतीय जनता पार्टी जोधपुर ग्रामीण दक्षिण की ओर से भी यहां पुष्पांजलि अर्पित की गई। भारतीय जनता पार्टी जोधपुर ग्रामीण दक्षिण के जिला अध्यक्ष त्रिभुवन सिंह भाटी के नेतृत्व में पूर्व अध्यक्ष घनश्याम डागा, भाजपा जोधपुर ग्रामीण दक्षिणके जिला उपाध्यक्ष जय किशन पंचारिया, प्रेमलता प्रजापत सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्तिथ रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश