डूंगरपुर में भाजपा का मिशन 40: हर वार्ड में कमल खिलाने उतरे कार्यकर्ता- राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र पटेल
डूंगरपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। आगामी नगर परिषद चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी चुनावी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। गुरुवार को डूंगरपुर स्थित भाजपा के नए कार्यालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक एवं प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र पटेल ने कार्यकर्ताओं में नया जोश भरा। उन्होंने नगर परिषद के सभी 40 वार्डों में जीत हासिल करने का आह्वान करते हुए दावा किया कि क्षेत्र में बने माहौल के बल पर पार्टी की 38 सीटों पर जीत पूरी तरह पक्की है।
संगठनात्मक बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में कार्यकर्ताओं, बूथ प्रभारियों और संयोजकों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र पटेल ने कहा कि नगर परिषद का चुनाव किसी व्यक्ति विशेष का न होकर पार्टी कार्यकर्ताओं की परीक्षा है। प्रत्याशी चाहे जो भी हो, सर्वोपरि चुनाव चिन्ह 'कमल का फूल' है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सलाह दी कि वे अति-आत्मविश्वास से बचें और हर वार्ड में विजय का संकल्प लेकर मैदान में उतरें। पटेल ने कहा कि समय कम है, इसलिए घर-घर जाकर केंद्र और राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और विकास कार्यों का प्रचार-प्रसार तेज किया जाए। मजबूत बूथ प्रबंधन ही जीत का मुख्य आधार बनेगा।
बैठक के दौरान चुनावी तैयारियों की समीक्षा के साथ-साथ वार्ड नंबर 23 से निर्विरोध मनोनीत हुए पार्षद मनन कलासुआ का मंच पर गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। उल्लेखनीय है कि वार्ड नंबर 23 और 28 में पार्षद निर्विरोध चुने गए हैं।
बैठक में उपस्थित भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोथा ने कहा कि केंद्र और राज्य में पहले से ही भाजपा की डबल इंजन सरकार काम कर रही है। अब डूंगरपुर नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनाकर ट्रिपल इंजन की सरकार का संकल्प पूरा करना है, जिससे शहर के विकास को एक नई गति मिलेगी।
स्वागत संबोधन में भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पटेल रणोली ने संगठन की मजबूती पर प्रकाश डाला और कहा कि पार्टी का कार्यकर्ता बूथ स्तर तक पूरी एकजुटता के साथ तैयार है। वहीं, चुनाव प्रभारी वंदना मीणा ने भरोसा जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनना तय है। बैठक का संचालन जिला महामंत्री पंकज जैन ने किया। बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में डूंगरपुर नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनाने और स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए जन-जन तक पहुंचने का संकल्प लिया।
बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में गजेंद्र पटेल ने राजनीतिक विरोधियों पर जोरदार हमला बोला। बीकानेर में कांग्रेस जिलाध्यक्ष के साथ हुई मारपीट की घटना का जिक्र करते हुए पटेल ने कहा कि कांग्रेस में कार्यकर्ताओं के संस्कार और अनुशासन खत्म हो चुके हैं। भाजपा का कार्यकर्ता राष्ट्रप्रेमी और अनुशासित है। कांग्रेस और भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अराजकता फैलाई जा रही है और सनातन संस्कृति तथा धर्म पर प्रहार करने की कोशिशें हो रही हैं। जनता लोकतांत्रिक तरीके से वोट की ताकत से ऐसे मंसूबों का जवाब देगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष