डूंगरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जब्त करीब 1 करोड़ रुपये का मादक पदार्थ नष्ट

 




डूंगरपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। राज्य स्तरीय एनडीपीएस मालखाना निस्तारण अभियान के तहत डूंगरपुर जिला

पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में जब्त किए गए भारी मात्रा में

मादक पदार्थों को नष्ट कर दिया। यह निस्तारण प्रक्रिया डूंगरपुर के भण्डारिया घाटा

स्थित मेसर्स ई-टेक प्रोजेक्ट कचरा निस्तारण केंद्र में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों

की उपस्थिति में नियमानुसार जलाकर संपन्न की गई।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के आदेशानुसार आयोजित इस निस्तारण

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खींवसिंह और अपराध सहायक कार्यालय के

प्रभारी तेजसिंह उपस्थित रहे। इस दौरान संबंधित थानाधिकारियों एवं मालखाना

प्रभारियों द्वारा नष्टीकरण योग्य माल का संपूर्ण रिकॉर्ड अधिकारियों के समक्ष

प्रस्तुत किया गया। पुलिस अधिकारियों ने सभी रिकॉर्ड्स का गहन अवलोकन किया और

प्रत्येक प्रकरण के माल का तौल करवाकर सत्यापन किया।

पुलिस के अनुसार, जिले के कुल 4 अलग-अलग प्रकरणों में जब्त किए

गए 497.410 किलोग्राम मादक पदार्थों को पर्यावरण अनुकूल और निर्धारित प्रक्रिया के

तहत आग के हवाले कर पूरी तरह नष्ट किया गया। नष्ट किए गए इन मादक पदार्थों की कीमत

अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस

प्रशासन की इस मुस्तैद कार्रवाई से नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी पर नकेल कसने

में बड़ी सफलता मिली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष