डीआरएम ने किया विभिन्न विभागों का निरीक्षण

 


स्वच्छता के बाद अब कार्यालयों के आधुनिकीकरण पर जोर

जोधपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने गुरुवार को मंडल कार्यालय स्थित वाणिज्य सहित विभिन्न विभागों के कार्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयों में स्वच्छता, व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली की जानकारी ली तथा आधुनिकीकरण से संबंधित प्रस्तावों पर अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के बाद अब कार्यालयों को बदलती जरूरतों और तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को पुराने कार्यालयों का आवश्यकतानुसार नवीनीकरण करने तथा कार्यप्रणाली को अधिक सुगम और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। डीआरएम ने कहा कि स्वच्छता अभियान के दौरान मंडल के विभिन्न कार्यालयों में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं में सुधार किया गया है।

इन व्यवस्थाओं को निरंतर बनाए रखना सभी कर्मचारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। वाणिज्य विभाग के निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभाग की कार्यकुशलता की सराहना की तथा अधिकारियों और कर्मचारियों से यात्री सेवा में सदैव तत्पर रहने का आग्रह किया।

उन्होंने यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ करने और कार्यप्रणाली में आधुनिक तकनीक के अधिकाधिक उपयोग पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने डीआरएम का साफा पहनाकर एवं स्वागत पौधा भेंट कर स्वागत किया।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर अमित स्वामी, अनुपम कुमार, वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक अशोक कुमार चौधरी, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी, मंडल वाणिज्य प्रबंधक दीपक चौधरी, सहायक वाणिज्य प्रबंधक सुरेंद्र सिंह एवं बी के गौड़ सहित बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी उपस्थित रहे।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने भगत की कोठी स्थित डीजल शेड का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल इंजनों के अनुरक्षण, खराबी नियंत्रण, सुरक्षा एवं स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को सुरक्षित एवं विश्वसनीय परिचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने डीजल एवं विद्युत रेल इंजनों के अनुरक्षण से संबंधित विभिन्न कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने रेल इंजनों में आने वाली खराबियों, उनके कारणों तथा उन्हें रोकने के उपायों की समीक्षा की। उन्होंने खराबी की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मूल कारणों का विश्लेषण कर प्रभावी सुधारात्मक कार्रवाई करने तथा अनुरक्षण के दौरान सामने आने वाली तकनीकी कमियों की समयबद्ध पहचान एवं निराकरण के निर्देश दिए। डीआरएम ने शेड में चलाए जा रहे सुरक्षा अभियान की भी समीक्षा की।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश