ट्रेलर की टक्कर से कार सवार दंपती और मासूम बेटी की मौत, दूसरी बेटी गंभीर घायल

 




नागौर, 21 जून (हि.स.)। नागौर जिले में बोरूंदा-बीटन सीमा क्षेत्र में रविवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा उस समय हुआ जब एक ट्रेलर ने कार को टक्कर मार दी और उसे करीब 50 फीट तक घसीटते हुए दीवार से जा भिड़ाया। दीवार और ट्रेलर के बीच दबने से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

पुलिस के अनुसार हादसा रविवार अपराह्न करीब पौने चार बजे जोधपुर जिले के बोरूंदा कस्बे से लगभग तीन किलोमीटर दूर एचपी पेट्रोल पंप के निकट हुआ। कार बोरूंदा की ओर आ रही थी, जबकि ट्रेलर बोरूंदा से मेड़ता की दिशा में जा रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार पति-पत्नी और उनकी छह वर्षीय पुत्री की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आठ वर्षीय दूसरी पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बालिका ने अपना नाम प्रेक्षा बताया है। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे जोधपुर रेफर किया गया।

जसनगर थाना प्रभारी छीतरमल ने बताया कि मृतक परिवार हरियाणा के रोहतक जिले का निवासी था। दुर्घटना की सूचना मिलते ही बोरूंदा और जसनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / पारीक