ट्रीटमेंट प्लांट का जताया विरोध, शिवसागर तालाब के केचमेंट में प्रस्तावित है प्लांट

 


चित्तौड़गढ़, 13 जुलाई (हि.स.)। जिले के बस्सी में फिकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण शुरु होने को है और ग्राम पंचायत बस्सी में इस निर्माण किया जाएगा। लेकिन बस्सी की श्री लक्ष्मीनाथ महादेव विकास समिति ने तालाब के केचमेंट एरिया में निर्मित होने वाले इस प्लांट का विरोध जताकर अन्यत्र बनाने की मांग की है।

समिति के अध्यक्ष रतनलाल आगाल, सचिव रामस्वरूप पुरोहित, रामगोपाल ओझा, सीपी नामधराणी, किशन जागेटिया, जगदीश भांड आदि ने आज जिला कलक्टर को ज्ञापन देकर प्लांट को अन्यत्र बनाने की मांग उठाई है। उन्होंने अपने ज्ञापन में बताया कि प्लांट का निर्माण केचमेंट एरिया में हो रहा है जिससे प्रदूषित पानी शिवसागर तालाब में जायेगा और तालाब में गदंगी होकर रोग का कारण बनेंगे। वहीं उन्होंने बताया कि शिव सागर तालाब के आसपास चारों ओर धार्मिक स्थल है और यह तालाब धार्मिक आस्था का केन्द्र है,जहां वर्ष भर उत्सव आदि आयोजित होते है। ऐसे में यहां पर ट्रीटमेंट प्लांट बनने से धार्मिक आस्था पर भी प्रभाव पड़ेगा और यदि इसे अन्यत्र स्थानान्तरित नहीं किया तो जन आंदोलन का कारण बनेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल