ट्रांसजेंडर समुदाय को अधिकारों के प्रति किया जागरूक

 


जोधपुर, 27 नवम्बर (हि.स.)। राजस्थान पुलिस की ओर से संचालित ‘ऑपरेशन स्माइल’ के तहत ट्रांसजेंडर समुदाय के व्यक्तियों को उनके अधिकारों एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी देने के उद्देश्य से राजस्थान पुलिस प्रशिक्षण केंद्र, जोधपुर में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई।

पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य ट्रांसजेंडर व्यक्तियों की शिकायतों के निवारण के लिए थाना स्तर पर नियुक्त पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील बनाना तथा समुदाय के लोगों को उनके अधिकारों और संबंधित कानूनों के प्रति जागरूक करना है। इसी क्रम में जोधपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सत्येंद्र सिंह के निर्देशन में कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यशाला में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. बीएल सारस्वत सहित जोधपुर ग्रामीण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वरलाल, पाली के सुनील के. पंवार, फलोदी के ब्रजराज सिंह, जालोर के कैलाश बिश्नोई तथा सिरोही के उप अधीक्षक पुलिस एवं एससी-एसटी प्रकोष्ठ प्रभारी बद्रीलाल राव सहित विभिन्न जिलों के नोडल अधिकारी शामिल हुए। इसके अलावा थाना स्तर पर नियुक्त नोडल पुलिस अधिकारियों, जोधपुर रेंज के विभिन्न जिलों से आए ट्रांसजेंडर समुदाय के प्रतिनिधियों तथा संभली ट्रस्ट के सदस्यों ने भी भाग लिया।

कार्यशाला में ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकारों, उनकी शिकायतों के निस्तारण तथा उभयलिंगी व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम, 2019 के प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला नोडल अधिकारियों एवं राजस्थान पुलिस प्रशिक्षण केंद्र जोधपुर के निरीक्षक पंकज माथुर ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने पुलिस अधिकारियों को समुदाय के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने और उनके अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश